एहसान मेरे दिल पे तुम्हारा हैं दोस्तों, यह दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों, मो.रफी के गीत की पंक्तियों के साथ जताया कार्यकर्ताओं का आभार

अंबिकापुर। एहसान मेरे दिल पे तुम्हारा हैं दोस्तों, यह दिल तुम्हारे प्यार का मारा है दोस्तों,


मोहम्मद रफी के इस खूबसूरत गीत की पंक्तियों के साथ छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने सरगुजा भाजपा के कार्यकर्ताओं का दिली आभार जताया। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद अपने प्रथम प्रवास में अंबिकापुर पहुंचे श्री चंदेल ने भाजपा कार्यालय, संकल्प भवन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि जब वे युवा मोर्चा में थे तब से उन्हें सरगुजा से विशेष लगाव रहा है। मां महामाया की कृपा हमेशा मुझ पर रही है, तभी मैंने अपने दौरे की शुरुआत सरगुजा संभाग से की है। नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डाजी से जब वे मिले तो उन्होंने विशेष रुप से सरगुजा का हाल उनसे पूछा था। आगे उन्होंने कहा संभाग प्रभारी के रूप में मुझे खुशी है कि 24 अगस्त के हल्ला बोल कार्यक्रम में सरगुजा से अपेक्षित संख्या से कहीं ज्यादा कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर हमला करते हुए कहा कि हमारे पहले हुंकार में ही मुख्यमंत्री रायपुर से दिल्ली भाग गए। भाजपा के आंदोलन को संभालने में शासन-प्रशासन के पसीने छूट गए। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार के कुशासन पर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि चारों ओर अंधेरा है, पहरेदार लुटेरा है, सड़क से लेकर सदन तक और ग्राम सभा से लेकर विधानसभा तक भाजपा कुशासन के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी।


सरगुजा जिला प्रभारी ज्योति नंद दुबे ने बताया कि आगामी नौ सितंबर को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा बूथ के कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू होने छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। सरगुजा से भी हल्ला बोल आंदोलन की तरह बड़ी संख्या में बूथ के कार्यकर्ता इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।


स्वागत उद्बोधन में भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि सरगुजा के कार्यकर्ताओं से नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल का संबंध बहुत पुराना है, इनके नेता प्रतिपक्ष बनने से सरगुजा के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह है। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री देवनाथ सिंह पैकरा ने एवं आभार प्रदर्शन नगर मंडल अध्यक्ष अंबिकापुर मधुसूदन शुक्ला ने किया।

Categorized in: