शो-रूम में नौकरी का झांसा देकर ले गया, फाइनेंस में महिला के आधार कार्ड व बैंक पास-बुक का किया उपयोग

किश्त की राशि लेने फाइनेंस कंपनी के कर्ताधर्ता पहुंचे तो खुली पोल,

गिरजा ठाकुर


अंबिकापुर। कोतवाली पुलिस ने तीन वर्ष पूर्व बहेरापारा की एक महिला को नौकरी का झांसा देकर धोखाधड़ी के मामले में शामिल आरोपित को गढ़वा से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेज दिया है। आरोपित महिला को अंबिकापुर के एक दोपहिया वाहन शो-रूम में पक्की नौकरी का प्रलोभन दिया था। प्रतिमाह वेतन उसके खाते में आए इसके लिए वह महिला को आधार कार्ड, बैंक पास-बुक साथ ले चलने कहा। इसके बाद गुपचुप तरीके से टीवीएस कंपनी की जुपिटर वाहन फाइनेंस करा लिया। फाइनेंस की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह महिला को घर तक छोड़ा और खुद नई गाड़ी लेकर रफूचक्कर हो गया। इसकी जानकारी महिला को किश्त की वसूली के लिए उसके घर तक पहुंचे लोगों से मिली। मजदूरी करके जीवन-यापन करने वाली महिला ने कोई गाड़ी नहीं खरीदने की बात कही, तो उन्होंने उसे आरसी बुक, इंश्योरेंस से संबंधित दस्तावेज दिखाए, इसके बाद वह धोखाधड़ी की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी, जिस पर केस दर्ज कर पुलिस आरोपित के तलाश में लगी थी।
जानकारी के मुताबिक मणिपुर पुलिस चौकी अंतर्गत बहेरापारा की लखन बाई टोप्पो पति स्व.रामदेव टोप्पो 50 वर्ष मजदूरी करती है। छह जून 2019 को दिन में नौ बजे वह थाना चौक में रेजा के काम के तलाश में आई थी, उसी समय अज्ञात व्यक्ति खुद को राजू खान बताते हुए गाड़ी कंपनी में काम करने के लिए कहा। उसने कहा कि कंपनी में उसके परिवार के अन्य सदस्य काम करना चाहें तो वे भी कर सकते हैं। महिला ने जब उसे पति एवं बच्चे का पूर्व में मौत होने की जानकारी दी तो उसने कहा उसे शो-रूम में नियमित काम करने के लिए रेजा की जरूरत है। इसके बाद वह महिला के घर का पता पूछकर चले गया। दूसरे दिन सात जून को वह महिला के घर पहुंच गया, तत्समय वह काम करने के लिए तैयार होकर निकल रही थी। आरोपित उसे गाड़ी कंपनी में काम करने के लिए आधार कार्ड और बैंक पास बुक साथ में लेकर चलने कहा ताकि कंपनी के रजिस्टर में उसका विवरण दर्ज हो सके और कंपनी से मिलने वाला पैसा सीधे उसके बैंक खाते में पहुंचे। महिला आधार कार्ड और बैंक पास बुक लेकर आरोपित के साथ ऑटो में मनेंद्रगढ़ रोड में स्थित एक शो-रूम तक पहुंची, तो उसने बताया इसी गाड़ी कंपनी में उसे काम करना है। आरोपित उसे शोरूम के अंदर ले गया और बैंक पास बुक व आधार कार्ड की मूल प्रति लेकर उसे कुर्सी में बैठने कहा और खुद उसका नाम रजिस्टर में दर्ज कराने की बात कह अंदर चला गया। थोड़ी देर बाद आकर उसने लखन बाई का अंगूठा पकड़कर कुछ कागजात में कई जगह अंगूठा का निशान लगवाया और पुन: अंदर चला गया। थोड़ी देर बाद आकर कहा चलिए अब मैं आपको घर छोड़ देता हूं, काम हो गया है। इसके बाद वह उसके साथ घर आ गई। उसने कब से काम पर जाना है पूछा, तो उसने गाड़ी कंपनी वाले के द्वारा बताने पर पुन: काम के लिए लेकर आने कहा। महिला काम का इंतजार करते हुए, इधर तीन-चार लोग फाइनेंस में खरीदी गई गाड़ी का वसूली करने पहुंच गए।
आरोपित से स्कूटी जब्त
कोतवाली पुलिस मामले की छानबीन करते हुए आरोपित नेजाम अंसारी उर्फ राजू निवासी गढ़वा तक पहुंची और उसे पस्ता मोड़ गढ़वा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने टीव्हीएस जूपिटर वाहन क्रमांक सीजी 15डीएन 7177 को जब्त कर लिया है। कोतवाली प्रभारी रूपेश नारंग ने बताया विधवा, बेसहारा महिला को गाड़ी एजेंसी में ले जाकर आरोपित छलपूर्वक दोपहिया वाहन फाइनेंस कराया था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए आईजी अजय यादव व एसपी भावना गुप्ता के मार्गदर्शन व एएसपी विवेक शुक्ला, सीएसपी अभिषेक कौशिक के निर्देशन में पुलिस टीम गढ़वा रवाना हुई और आरोपित को धोखाधड़ी कर फाइनेंस कराई गई वाहन के साथ गिरफ्तार कर लिया।

Categorized in: