सूरजपुर/प्रतापपुर। सूरजपुर जिले की खडग़वां पुलिस ने दो ट्रक, सहित चार वाहनों को जब्त कर करीब 40 टन चोरी का कोयला बरामद किया है। जप्त कोयले की कीमत दो लाख रुपये बताई जा रही है। महान-2 कोयला खदान से 4 वाहनों में चोरी का कोयला लोड़ कर खडग़वां होते हुए उत्तरप्रदेश की ओर जाने की तैयारी थी, पुलिस के पहुंचने से वाहन छोड़कर चालक रात के अंधेरे में भाग निकले।
मुखबिर की सूचना पर तस्दीक व कार्रवाई के लिए ग्राम पंपापुर पहुंची पुलिस ने सड़क पर 2 ट्रक, एक पिकअप व एक ट्रेक्टर में कोयला लोड पाया। पुलिस को आते देख इन वाहनों के चालक भाग निकले, इनका पीछा पुलिस ने किया किंतु अंधेरे का फायदा उठाकर वे भाग निकले। पुलिस ने ट्रक क्रमांक सीजी 15 डीके 1100, ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 3816, पिकअप क्रमांक सीजी 15 एसी 3617 व ट्रेक्टर क्रमांक सीजी 15 सीएस 5544 की तलाशी ली तो इसमेंं कोयला लोड पाया गया। कोयला चोरी का होने की संभावना पर इन चारों वाहनों के चालकों के विरूद्ध धारा 41(1-4) 379 के तहत कार्रवाई कर करीब 40 टन जब्त किया गया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी खडग़वां संजय सिंह, प्रधान आरक्षक शिवलोचन पैंकरा, आरक्षक श्याम सिंह, विमल तिर्की, संजीव कुजूर सक्रिय रहे।
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह व एसडीओपी प्रतापपुर अमोलक सिंह को कोयले के अवैध कारोबार को गंभीरता से लेने कहा है। महान-2 व बलरामपुर, सूरजपुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र से कोयला चोरी के मामले को छत्तीसगढ़ फ्रंटलाइन ने पूर्व में प्रमुखता से प्रकाशित किया था। हरकत में आई पुलिस ने मौके पर जाकर तस्दीक किया तो चार मालवाहकों में कोयला लोड मिला, जिसे उत्तर प्रदेश लेकर जाने की तैयारी थी।

Categorized in: