देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने किया महंगाई चौपाल कार्यक्रम का आयोजन

गिरजा ठाकुर

अंबिकापुर। जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में मंगलवार को राजीव भवन, कांग्रेस कार्यालय के समक्ष प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर केंद्र की भाजपा नीत सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में महंगाई चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें काफी संख्या में कांग्रेसजन और ग्रामीण उपस्थित हुए। वक्ताओं ने वर्तमान परिवेश में देश की स्थिति और बढ़ती महंगाई पर चर्चा की तथा इस मुद्दे को जनांदोलन बनाने का संकल्प लिया।
महंगाई चौपाल को संबोधित करते हुए औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि आज देश की आर्थिक हालत अत्यंत दयनीय व चिंताजनक है। केंद्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के कारण देश विषम परिस्थितियों से जूझ रहा है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी और रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रघु राजन ने समय-समय पर सरकार को चेतावनी दी थी कि यदि देश की अर्थव्यवस्था को समय रहते ठीक ढंग से नियंत्रित नहीं किया गया तो यहां की हालात भी श्रीलंका जैसे हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दोस्तों के 11 लाख करोड़ रुपये माफ कर देश को खोखला कर रहे हंै। पूरे देश की अर्थव्यवस्था 10 प्रतिशत उद्योगपतियों के हाथ में चली गई है, वे बैंक को लूट रहे हैं और खुले हाथ से लाखों-करोड़ रुपये ऋण प्राप्त कर माफ करा रहे हैं, जबकि सामान्य आदमी की पहुंच बैंक तक नहीं रह गई है, उन्हें बैंक से सहयोग नहीं मिलता है। देश का युवा नौकरी नहीं मिलने के कारण निराश और हताश है। किसानों की हालत दिनों-दिन बदतर होती जा रही है, वे जंतर-मंतर में धरने पर बैठे हैं। महंगाई से सबसे ज्यादा महिलाएं परेशान हंै। घर का चूल्हा-चौका चलाना भी बहुत मुश्किल हो गया है। बच्चों को पढ़ाने-लिखाने में बहुत दिक्कतें आ रही हैं, किंतु केंद्र सरकार पर इसका कोई असर नहीं पड़ रहा है। भाजपा का तो मूलमंत्र ही है हिंदू-मुस्लिम करना और बुनियादी समस्याओं से जनता का ध्यान हटाना किंतु अब हिंदू-मुसलमान और कब्रिस्तान, श्मशान वाला मंत्र नहीं चलेगा। लोग भाजपा की इस साजिश को समझ गए हैं। श्री पाठक ने कहा कि सांप्रदायिक पार्टी के एजेंडे को समाप्त करने के लिए देश में समरसता और सद्भावना बनाने की जिम्मेदारी हमारी है। इसी तारतम्य में राहुल गांधी का भारत जोड़ो पदयात्रा कार्यक्रम आगामी हफ्ते कन्याकुमारी से शुरू होगा जो कश्मीर तक चलेगा। मंहगाई चौपाल को वरिष्ठ कांग्रेसी बसंत पांडेय, अरुण मिश्रा, सत्येंद्र तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा, अशफाक अली, हेमंती प्रजापति, मधु दीक्षित, मदन जयसवाल, रजनी सिंह, अविनाश, सौरभ पांडेय, मिथुन सिंह, साधना कश्यप ने भी संबोधित किया। महंगाई चौपाल का संचालन जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष दुर्गेश गुप्ता ने किया। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विनय शर्मा, वायुश्री सिंह, अनूप मेहता, गुरप्रीत सिंह, काजू खान, अनिल सिंह, शकीला सिद्दीकी, पंकज शुक्ला, राजू, अशोक अग्रवाल, नितिन चौरसिया, उत्तम राजवाड़े, संजय सिंह, चुन्ना भाई, पार्षद गीता रजक, गीता श्रीवास्तव, गीता प्रजापति, मालती सिंह तथा ग्रामीण क्षेत्रों से आए कांग्रेसजन उपस्थित थे।
कृत्रिम सांस पर भी जीएसटी लगा दिया-जेपी श्रीवास्तव
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि महंगाई मुद्दा कांग्रेस का आंदोलन नहीं है, यह वास्तव में जनता का आंदोलन है। भाजपा के लोग ठीक कहते हैं कि 70 साल में जो काम कांग्रेस ने नहीं किया वह काम उनकी सरकार ने दूध-दही, आटे और जीवन रक्षक दवाइयों, मेडिकल ऑपरेटर तथा कृत्रिम सांस लेने पर भी जीएसटी लगा कर दिखा दिया। अपने आप को रामकृष्ण का कट्टर भक्त कहने वाले लोगों ने जुमला गिरी करके देश के लोगों का जीवन मुसीबत में डाल दिया है। वह दिन दूर नहीं जब लोग भुखमरी के शिकार होंगे।
महंगाई से कई घर टूटने के कगार पर-डॉ.अजय तिर्की
महापौर डॉ.अजय तिर्की ने कहा कि आज महंगाई के कारण कई परिवार टूटने के कगार पर पहुंच गए हैं, क्योंकि कमाने वाला मुखिया की कमाई से इस महंगाई के दौर में घर का खाना-पीना और बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का खर्चा नहीं उठाया जा सकता। इस कारण परिवार में कलह और लड़ाई-झगड़े बढ़ रहे हैं। भाजपा नीत सरकार की गलत नीतियों के कारण देश की एकता व अखंडता खतरे में पड़ गई है। डर लगता है कि यह देश अराजकता की स्थिति में सोवियत संघ की तरह टुकड़ों में न बिखर जाए।
सत्ता में असली भागीदारी निभा रहे उद्योगपति-द्वितेंद्र मिश्रा
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री द्वितेंद्र मिश्रा ने कहा कि महंगाई की दर सन 2014 में 156 लाख करोड़ थी, वह दो साल के अंदर 2016-17 में 146 लाख करोड़ घट गई। इस तरह जीडीपी कोरोनाकाल आने के पहले ही धड़ाम से नीचे गिरना शुरू हो गया था। न तो लोगों को रोजगार मिला, न ही रहने के लिए घर। जो 75 सालों में नहीं हुआ वह भाजपा के इन आठ सालों के राज हो रहा है। बैंकों को लूटने का काम जोरदार ढंग से हुआ, बैंकों को कंगाल बना दिए। इनमें ज्यादातर लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रदेश गुजरात के थे, जो इनके सहयोग से विदेश भाग गए। अनेकों सार्वजनिक उपक्रम और संवैधानिक संस्थाएं आन-बान-शान के साथ कांग्रेस ने देश में खड़े किए थे, जो देश को विकास के रास्ते ले जा रहे थे। उन्हें नरेंद्र मोदी ने निजीकरण के नाम पर अपने दोस्तों के हवाले कर दिया। आज ये उद्योगपति इतने मजबूत हो गए हैं कि सत्ता में असली भागीदारी निभा रहे हैं और देश को खोखला कर रहे हैं। समय रहते महंगाई को कंट्रोल नहीं किया गया तो आने वाले कल में देश में अराजकता, असामाजिक गतिविधि, चोरी, लूटपाट और अन्य अपराध तेजी से बढ़ते जाएंगे, जिससे देश में समरसता सद्भावना और शांति भंग होने की संभावना बढ़ जाएगी।
रोटी, कपड़ा, मकान भी जीएसटी में दायरे में-राकेश गुप्ता
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश गुप्ता ने कहा कि आसमान से जो सांस ले रहे हैं, उसे छोड़कर बाकी सब चीजों पर भाजपा नीत सरकार ने टैक्स लगा दिया है। महंगाई के कारण इंसान का जीना दूभर हो गया। आम जनता की बुनियादी जरूरत रोटी, कपड़ा और मकान भी जीएसटी में दायरे में आ गया है। किसान तबाह है, उससे मिलने वाली सभी खाद्य और दवाइयां तथा अन्य कृषि उपकरण टैक्स के कारण अब महंगे दाम पर मिल रहे हैं। इसलिए उनके उपज की लागत भी बहुत ज्यादा हो गई है, इससे उनकी आर्थिक हालत बिगड़ती जा रही है।
बाक्स
पत्रकारवार्ता-
सामाजिक संतुलन बिगड़ा, अपराधिक गतिविधियों में होगा इजाफा
केंद्र की भाजपा नीत सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बढ़ती महंगाई के विरोध में किए गए महंगाई चौपाल कार्यक्रम के आयोजन पश्चात कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुए पादप बोर्ड के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, जेपी श्रीवास्तव, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राकेश गुप्ता, द्वितेंद्र मिश्रा कहा कि बहुत हुई महंगाई की मार, अब की बार मोदी सरकार का नारा कहां गया। सुबह उठने से सोने तक की चीज में केंद्र सरकार ने टैक्स लगाकर रख दिया है। रसोई गैस का सिलिंडर लेकर नाचने वाले कहां गए। रामकृष्ण के देश में दूध-दही तक जीएसटी के दायरे में है। यह आंदोलन जनता के हित में किया गया है, यह आंदोलन सतत चलते रहेगा। 2013 के चुनाव के पहले महंगाई, बेरोजगारी दूर करने, किसानों की आय दोगुना करने, हिंदुस्तान को विश्व गुरू बनाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कारण सामाजिक संतुलन बिगड़ गया है, जिससे अपराधिक गतिविधियों में इजाफा होगा। रसोई के सामानों में 122 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। सब्जियों की कीमत में 35 प्रतिशत तक वृद्धि हुई है। नमक 41 प्रतिशत, दाल 60 से 65 प्रतिशत महंगा हुआ है। मोदी सरकार महंगाई नियंत्रण नहीं कर पा रही है, उल्टे जनता पर टैक्स का बोझ डालकर खजाना भर रही है।
महंगाई पर एक नजर
सामान वर्ष 2014 वर्ष 2022 कीमत में वृद्धि
गैस सिलिंडर 410 रुपये 1053 रुपये 156 प्रतिशत
पेट्रोल 71 रुपये लीटर 100 रुपये लीटर 40 प्रतिशत
डीजल 57 रुपये लीटर 95 रुपये लीटर 75 प्रतिशत
सरसों तेल 90 रुपये किलो 200 रुपये किलो 122 प्रतिशत
आटा 22 रुपये किलो 35-40 रु. किलो 81 प्रतिशत
दूध 35 रुपये लीटर 60 रुपये लीटर 71 प्रतिशत

Categorized in: