वेद प्रकाश मिश्र

बिश्रामपुर। रक्षाबंधन पर्व मनाने अपने गृहग्राम लौट रहे इसरो के वैज्ञानिक को आज उड़ीसा पुलिस ने रेलवे स्टेशन के पास से बरामद कर लिया है। युवा वैज्ञानिक के मिलने के बाद पुलिस व परिजन ने राहत की सांस ली है। गौरतलब है कि लटोरी चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कसकेला औरापारा निवासी कालरीकर्मी रामदास पैकरा का 27 वर्षीय पुत्र दीपक पैकरा इसरो अहमदाबाद में वर्ष 2018-19 से वैज्ञानिक सी के पद पर पदस्थ है। बताया जा रहा है कि वैज्ञानिक दीपक पैकरा रक्षाबंधन पर्व मनाने गतदिनों 5 अगस्त को अहमदाबाद से गृहग्राम कसकेला आने निकला था। 6 अगस्त को वैज्ञानिक द्वारा नागपुर पहुंचने की जानकारी मिली है। इसके बाद से वैज्ञानिक का मोबाईल स्वीच ऑफ बताने लगा था। फोन पे के ट्रांजेक्शन आईडी के माध्यम से परिजन को वैज्ञानिक के साथी ने बताया कि वैज्ञानिक का मोबाईल लोकेशन उड़ीसा का पुरी बता रहा था। इसके पश्चात परिजन की सूचना पर पुलिस अधीक्षक रामकृष्ण साहू के निर्देश पर लटोरी पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए तत्काल दो सदस्यीय टीम को परिजन के साथ उड़ीसा के पुरी रवाना कर दिया था। पुरी पहुंची टीम व परिजन ने विवेचना में यही पाया था कि गायब वैज्ञानिक होटल ब्लू मून में ठहरा था लेकिन बिना जानकारी दिए होटल से निकल गया था। इसके पश्चात 8 अगस्त के बाद से वैज्ञानिक का मोबाईल स्वीच ऑफ होने की वजह से संपर्क नहीं हो पा रहा था। वैज्ञानिक का अंतिम मोबाईल लोकेशन उड़ीसा पुरी बताया जा रहा था। वैज्ञानिक के परिजन ने बताया कि 7 अगस्त को उसका मोबाईल चालू था लेकिन कॉल रिसीव नहीं किया जा रहा था। उसके बाद से लगातार वैज्ञानिक का मोबाईल स्वीच ऑफ बता रहा था। इसरो के वैज्ञानिक दीपक पैकरा ने शनिवार को जब दोपहर ढाई बजे से अपने एकाउंट से 3 हजार रुपए आहरित किया तब इसकी जानकारी मोबाईल से परिजन को हो गई। परिजन द्वारा तत्काल लटोरी चौकी प्रभारी धनन्जय पाठक को सूचना दिया तब चौकी प्रभारी ने तत्काल उड़ीसा के सी बीज थाना प्रभारी पुरी को सूचना दिया। जिस पर सी बीज पूरी थाना प्रभारी ने तत्काल दलबल के साथ मौके पर पुरी रेलवे स्टेशन से लापता वैज्ञानिक दीपक पैकरा को बरामद कर लिया। साथ ही मामले की सूचना लटोरी चौकी प्रभारी को दिया। परिजन के साथ लटोरी चौकी की दो सदस्यीय टीम उड़ीसा पुरी में वैज्ञानिक को लेने रवाना कर दिया है।

Categorized in: