नपा पर चुनिंदा दुकानों की नीलामी हेतु फार्म नहीं देने का आरोप
0 कलेक्टर से शिकायत, कार्रवाई की मांग                              सुरजपुर। नगर पालिका परिषद  द्वारा दुकान नीलामी की सूचना प्रकाशन के बावजूद नपा कर्मचारी द्वारा सुभाष चौक स्थित चुनिंदा दुकानों की नीलामी हेतु अमानत राशि की रसीद काटने से इंकार कर दिया जा रहा है। जिससे दुकान लेने के इच्छुक लोगों में नाराजगी का वातावरण निर्मित है। उन्होंने नपा पर मनमानी व बोली लगाने से वंचित करने का आरोप लगाते हुए उक्ताशय की शिकायत कलेक्टर से कर कार्रवाई की मांग की है। ज्ञात बो  कि नगर पालिका कार्यालय के द्वारा पुराना बस स्टैंड, सुभाष चौक व पुराना नगर पालिका कार्यालय के सामने  निर्मित 14 दुकानों की नीलामी के लिए पत्र क्र 876/ 2022,23        दिनांक 7 जुलाई 2022 को एक दैनिक समाचार पत्र में सूचना का प्रकाशन कराया गया है। जिसके मुताबिक दुकानों की आम नीलामी 26 जुलाई को पुराना बस स्टैंड में होना है। दुकानों की नीलामी में शामिल होने वाले इच्छुक व्यक्तियों के लिए अमानत राशि जमा करने के लिए 22 जुलाई की तिथि निर्धारित की गई है। कलेक्टर को दिए शिकायत पत्र में बताया गया है कि गुरुवार को जब दुकान की नीलामी में शामिल होने के इच्छुक कुछ लोग नगर पालिका कार्यालय में पहुंचे और उन्होंने नीलामी सूचना में शामिल सुभाष चौक की दुकान क्र  6, 8 एवं 9 के लिए अमानत राशि   जमा करने को कहा तो उन्हें  नपा के कर्मचारी द्वारा यह कह कर चलता कर दिया गया कि उक्त तीनों दुकानों की नीलामी हेतु पत्र मुख्य नगर पालिका अधिकारी के द्वारा प्रदान की जाएगी। शिकायतकर्ताओं के मुताबिक जब उन्होंने मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मिलने के लिए पहुंचे तो वे कार्यालय में नहीं मिले। शिकायतकर्ताओ ने आरोप लगाया है कि जानबूझकर उक्त तीनों दुकानों के लिए कार्यालय से प्रपत्र नही दिया जा रहा है। आरोप यह भी लगाया गया है कि शायद उक्त तीनों दुकानों की नीलामी हेतु पहले ही सेटिंग कर लिया गया है और किसी निश्चित व्यक्ति को कम दर पर दुकान दिया जाना है। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर ऐसी स्थिति निर्मित हो रही है तो इससे नगर पालिका को लाखों रुपये की क्षति होगी। कलेक्टर के नाम शिकायत पत्र देकर उक्ताशय की जानकारी देते हुए उचित कार्यवाही की मांग की गई है। शिकायत करने वालो में वार्ड क्रमांक 16 की पार्षद श्रीमती संजू सोनी, सांसद प्रतिनिधि आनंद सोनी, अनिल सोनवानी, देवनाथ सिंह, संदीप साहू, कैलाश अग्रवाल, नीरज जिंदिया , पवन अग्रवाल, विकास अग्रवाल, मुकेश गर्ग, दीपक अग्रवाल, सुरेश साहू, श्याम लाल , मनोज गुप्ता, जयशंकर देवांगन, विजय सिंह, राज गुप्ता, प्रभु देवांगन, उमेश  यादव, मोनू सिद्दीकी आदि शामिल है। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी बात को रखते हुए जमकर विरोध किया जा रहा है।


*0इच्छुक व्यक्ति कर सकता है आवेदन*
दुकानों की नीलामी की जाएगी इसके लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है अगर किसी को कोई शिकायत है तो कार्यालय में आकर प्रभारी से संपर्क कर जिस भी दुकान की नीलामी बोली में शामिल होना है फार्म लेकर जमा कर सकते है।आज 22 जुलाई तक दुकानों की नीलामी हेतु फार्म देने व जमा करने का समय है।  इसके लिए पी आई सी की बैठक भी रखी गई है। चूंकि 1988 से उक्त दुकाने विवादित रही है। इसका स्थाई हल निकल जाए इसके लिए दुकानों की नीलामी की जा रही है।
                बसंत बुनकर 

   मुख्य नगर पालिका अधिकारी     

नगर पालिका परिषद        सुरजपुर

Categorized in: