राजेन्द्र ठाकुर (राजू) बलरामपुर-बलरामपुर रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह के मुख्य आतिथ्य में ऑडिटोरियम भवन बलरामपुर में जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव मनाया गया। सर्वप्रथम अतिथियों के द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण किया गया और उनके समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कक्षा 1ली, 6वीं एवं कक्षा 9वीं के 20-20 शाला प्रवेशी छात्र-छात्राओं को तिलक व लड्डू खिलाकर स्वागत किया। अतिथियों के द्वारा शाला प्रवेशी बच्चों को स्कूल बैग व किताब प्रदान किया गया। जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास सहकारिता मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।
जिला स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम में रामानुजगंज विधायक बृहस्पत सिंह ने कहा कि शासन द्वारा प्रदेश भर में गरीब तबके बच्चों को अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा देने के लिए अंग्रेजी माध्यम स्कूल की शुरूआत की गई है, अब अंग्रेजी माध्यम स्कूल में पढ़ कर बच्चे अंग्रेजी बोलना, लिखना व पढ़ना जान रहे हैं। उन्होंने इसके लिए शिक्षकों को धन्यवाद दिया। सिंह ने कहा कि जिले का शिक्षा का स्तर ऊंचा होने से हमारे बच्चे प्रदेश के प्रवीण्य सूची में स्थान बना रहे हैं तथा जिले का नाम रौशन कर रहे हैं इसके लिए उन्होंने जिला प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कक्षा 8वीं तक के बच्चों को निःशुल्क किताब, गणवेश, भोजन, बस्ता प्रदान किया जा रहा है। शासन द्वारा अब कक्षा 10वीं तक के बच्चों को निःशुल्क पुस्तक का वितरण किया जायेगा जो मिल का पत्थर शाबित होगा।
प्रवेशोत्सव में कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि आज से 15 जुलाई तक जिले में शाला प्रवेश उत्सव मनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि जिले का ऐसा कोई भी स्कूल नहीं है जो शिक्षक विहिन है, यह हमारे लिए गर्व की बात है। कलेक्टर ने कहा कि जिले में अभी 7 स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय संचालित है, जो बढ़कर 10 हो जायेंगी, चलगली, डौरा-कोचली एवं रामचन्द्रपुर में अंग्रेजी माध्यम स्कूल खोली जायेगी, साथ ही उन्होंने कहा कि गत् दिवस स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के शिक्षकों का 04 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती रीता यादव,प्राचार्य विमल दुबे ने भी सम्बोधित किया।

Categorized in: