अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धरमलाल कौशिक अपने प्रवास में अंबिकापुर पहुंचे। भाजपा जिला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। तमाम उपलब्धियों के साथ केंद्र के मोदी सरकार का सफलतापूर्वक आठ वर्ष पूर्ण होने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान कार्यक्रम अंतर्गत नेता प्रतिपक्ष कौशिक ने समाज में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों से मिलकर उन्हें सम्मानित किया और विभिन्न विषयों पर चर्चा की।


इसी तारतम्य में उन्होंने कोरोना काल में 70 हजार मास्क बांटने और जानवरों के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था देने वाले मास्क मैन अजय अग्रवाल से उनके निवास पर मुलाकात कर उन्हें सम्मानित किया। विगत 40 वर्षों से समाज के विभिन्न दिशाओं में समाजसेवी वंदना दत्ता, सरस निश्शुल्क भोजन संस्था की संचालिका तथा विगत कई वर्षों से अस्पताल में मरीज एवं उनके स्वजनों सहित 200 लोगों को भोजन कराने वाली समाज सेवी मुक्ता गुप्ता, मूक-बधिर लोगों के लिए संस्था की संचालिका रीता अग्रवाल तथा उत्कृट शिक्षिकीय कार्य हेतु राष्ट्रपति से पुरस्कृत देवेंद्रनाथ दुबे से उनके निवास पर भेंट कर धरमलाल कौशिक ने इन्हें सम्मानित किया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व ने बड़ी उपलब्धियों के साथ जनहित में उत्कृष्ट कार्य करते हुए देशवासियों का मान बढ़ाया है। सम्मान कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर अनिल सिंह, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भारत सिंह सिसोदिया, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, देवनाथ सिंह पैकरा, अनिल केशरवानी, प्रबोध मिंज, सिद्धनाथ पैकरा, रामकिशुन सिंह, ओम प्रकाश जायसवाल, राजकुमार बंसल, मधुसुदन शुक्ला, आलोक दुबे, अभिषेक शर्मा, विकास पांडेय, रूपेश दुबे, रामप्रवेश पांडेय, सर्वेश तिवारी, कैलाश मिश्रा, मनीष सिंह, रिंकू वर्मा, शुभम अग्रवाल, संजय अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।

Categorized in: