अंबिकापुर। मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय अंबिकापुर में स्वच्छता बनी रहे, इसके लिए तमाम प्रयासों के बाद मेडिकल कॉलेज और अस्पताल प्रबंधन ने स्वयं स्वच्छता कैसी हो, इस पर ध्यान दिलाने का बीड़ा उठाया है। मार्च माह में स्वच्छता की शपथ लेने के साथ ही निर्णय लिया गया था कि वे स्वयं सप्ताह या पखवाड़े में एक बार अस्पताल के सहयोगी अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ अस्पताल की साफ-सफाई करेंगे। इस दौरान उन्होंने ऐसे स्थल की सफाई का भी निर्णय लिया, जहां उनके स्वच्छक कर्मचारियों की नजर नहीं जाती थी। इसमें स्वच्छकों के साथ रहने से उन्हें भी इस बात का आभास हो जाता है कि अधिकारी कैसी सफाई चाहते हैं।
इसी क्रम में शुक्रवार को अस्पताल के ओपीडी एरिया एवं सामने के परिसर में मेडिकल कॉलेज के अधिष्ठाता डॉ.रमनेश मूर्ति, अस्पताल अधीक्षक डॉ.लखन सिंह, अस्पताल की सलाहकार प्रियंका कुरील, नर्सिंग अधीक्षक, छोटेलाल, प्रिया, डाइटिशियन सुमन सिंह एवं चतुर्थ श्रेणी के सुपरवाइजरों ने मिलकर साफ-सफाई की। इनके द्वारा अस्पताल में स्वच्छता अभियान चलाकर गंदगी नहीं करने का संदेश दिया गया। साथ ही कर्मचारी सफाई के दौरान अस्पताल के वार्ड या परिसर में कोने-कोने तक सफाई का ध्यान रखें, इसके लिए प्रेरित किया गया। इस अभियान की शुरुआत 21 मार्च को स्वच्छता शपथ के साथ की गई थी। एक महीने से लगातार अस्पताल प्रबंधन के द्वारा अस्पताल को स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर वार्ड एवं अस्पताल में सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि आने वाले मरीजों को स्वच्छ महौल मिल सके और वे गंदगी फैलाने से स्वयं कतराएं।

Categorized in: