अंबिकापुर। नगर निगम क्षेत्र में टैंकरों से होने वाले पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की कमी गर्मी के दौरान ना हो इसके लिए स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के स्वास्थ्य व पंचायत मंत्री टीएस सिंह देव ने अपने विधायक मद से 25 लाख रुपये देने की घोषणा की है। इस संबध में नगर निगम के एमआइसी सदस्य एवं जल प्रभारी द्वितेंद्र मिश्र ने मायापुर स्थित कोतवाली के समीप पानी टंकी में निगम के जल शाखा के कर्मचारियों की आवश्यक बैठक लेकर पेयजल हेतु टैंकरों सहित अन्य वाहनों की उपलब्धता एवं उसके रख-रखाव के बारे में जानकारी ली थी। कुछ कमियों के संबध में पता लगने पर उन्होंने तत्काल सुधार के निर्देश दिए थे। इसी तारतम्य में एमआइसी सदस्य द्वितेंद्र मिश्रा की पहल पर स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंह देव ने ट्रैक्टर, कैरियर इत्यादि के लिये आवश्यकतानुसार राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की है।
इसके अलावा एमआइसी सदस्य द्वितेंद्र मिश्रा ने किसी भी हालत में पेयजल की आपूर्ति में कोताही नहीं बरतने के निर्देश जल शाखा के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने किसी भी तरह की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जल शाखा से प्रशांत खुल्लर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Categorized in: