अंबिकापुर। राज्यसभा सांसद एवं पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम ने अंबिकापुर से रेनुकूट, कोरबा रेल लाइन विस्तार योजना के विषय को सदन में प्रस्तुत किया। नेताम ने सदन को जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ राज्य के सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर को रेनुकूट व कोरबा रेल लाइन के माध्यम से जोड़ा जाना है, इस परियोजना हेतु तीन सर्वेक्षण पूर्ण हो चुके हैं। अंबिकापुर से रेनुकूट व कोरबा रेल मार्ग को जोडऩे की मांग लगातार सरगुजावासियों के द्वारा की रही है। कोरबा से रेनुकूट-अंबिकापुर रेल लाइन विस्तार छत्तीसगढ़ के साथ-साथ अन्य राज्यों के लिए भी वरदान साबित होगा। इस रेल लाइन के विस्तार से सरगुजा वासियों का छत्तीसगढ़ की राजधानी समेत उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, ओडि़शा, झारखंड, महाराष्ट्र तक रेल लाइन द्वारा सीधी पहुंच हो जाएगी। अंबिकापुर से रेनुकूट चौपन होते हुए इलाहाबाद, बनारस व राजधानी दिल्ली तक मुख्य मार्ग से जुड़ाव के साथ-साथ बनारस होते हुए बिहार व पूर्वोतर भारत तक पहुंच हो सकेगी। दूसरी और कोरबा, बिलासपुर होते हुए ओडि़सा, महाराष्ट्र तक सीधी पहुंच होगी। नेताम ने सदन को बताया कि परियोजना विस्तार से सरगुजा संभाग के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यापार के मुख्य केंद्रों से जुडऩे का लाभकारी अवसर मिलेगा, जिससे लोगों को एम्स, बीएचयू, अपोलो, पीजीआइ की सुविधा उपलब्ध हो जाएगी, साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में तैयारी कर रहे उच्च शिक्षा के छात्रों को भी अत्यधिक लाभ होगा।
रेल विस्तार से खनिज परिवहन की मिलेगी सुविधा-
राज्यसभा सांसद रामविचार नेताम ने सदन को अवगत कराया कि सरगुजा संभाग में प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक खनिज कोयला व बाक्साइट मौजूद है। औद्योगिक केंद्र व प्लांट में यहां से खनिज सड़क मार्ग से भेजा जाता है। रेल विस्तार होने से कम खर्च व कम समय में परिवहन की सुविधा मिलेगी। साथ ही धार्मिक सांस्कृतिक व पर्यटन केंद्रों का भी जुड़ाव होगा। राज्यसभा सांसद ने सदन के माध्यम से केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से आग्रह किया कि सरगुजा संभाग वासियों के विकास को ध्यान में रखते हुए इस रेल्वे विस्तार योजना को जल्द से जल्द स्वीकृत कराया जाए।

Categorized in: