मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार दौरान मौत
अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के बड़कापारा की 18 वर्षीय युवती को बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर, खेमारी का एक युवक भगाकर ले गया और पत्नी बनाकर घर में रखा था, बाद में हैवानियत का परिचय देते हुए मां-पिता के साथ मिलकर हाथ-पैर बांधकर आग के हवाले कर दिया। आग से जलने की सामान्य सूचना मिलने पर लड़की के परिजन अस्पताल पहुंचे और सास-ससुर व पति के द्वारा क्रूरतापूर्ण व्यवहार करते हुए आग के हवाले करने की जुबानी सुनने को मिली। ससुराल पक्ष इसकी पोल खुलने पर रफूचक्कर हो लिया। लड़की को गंभीर अवस्था में लेकर मायके पक्ष के स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर पहुंचे, यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के बड़कापारा की प्रिया अगरिया (18) को बरगलाकर बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना अंतर्गत ग्राम खेमारी का सुखनंदन लगभग तीन-चार माह पूर्व भगाकर ले गया था और पत्नी की तरह साथ रखा था। चंद माह साथ रहते बीते थे और युवती को ससुराल में बात-बात पर परेशान किया जाने लगा। घर वालों के बिना सहमति से भागकर युवक की जीवनसंगिनी बनी युवती चुपचाप सब कुछ बर्दास्त करती रही। लगभग एक माह पूर्व ससुराल से प्रिया के चाचा ससुर ने उन्हें सूचना मिली कि प्रिया आग की चपेट में आ गई है और उसे वाड्रफनगर स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। लड़की के स्वजन वाड्रफनगर अस्पताल पहुंचे तो जिला अस्पताल बलरामपुर ले जाने की जानकारी मिली। प्रिया की मां राधा अगरिया ने पुलिस को बताया कि बलरामपुर अस्पताल पहुंचने के बाद उसकी बेटी के ससुराल पक्ष के लोग भले गुमराह करते रहे लेकिन बेटी प्रिया ने बताया कि पति सुखनंदन, ससुर सुखलाल व सास मिलकर उसका हाथ-पैर बांध आग लगा दिए हैं। क्रूरता की पोल खुलने पर पति सहित अन्य जीवन-मौत से जूझ रही प्रिया को छोड़कर चले गए। चिकित्सक द्वारा उसकी स्थिति खराब देख रेफर कर दिया था। मायके पक्ष के लोगों ने उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया, यहां से इलाज के बाद होलिका दहन के दिन 17 मार्च को उसकी छुट्टी कर दी गई थी। स्वजन उसे अपने घर ले गए। यहां आने के दो दिन बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। 21 मार्च को उसे पुनः मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, यहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका की मां का बयान लेने के साथ इसकी जानकारी रघुनाथनगर पुलिस को दी है। स्थानीय पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है।
