अंबिकापुर। कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश चुनाव के लिए लड़की हूं, लड़ सकती हूं, आप सभी हाथ का साथ दें, नारा दिया है। उत्तर प्रदेश घोरावल विधानसभा सीट से कांग्रेस ने प्रत्याशी राज परिवार की बिंदेश्वरी सिंह को बनाया है। इनका चुनाव प्रचार छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत अपने सहयोगियों के साथ कर रहे हैं। लुभावने वायदों की झड़ी कांग्रेस ने लगा दी है।


घोरावल विधानसभा सीट उत्तर प्रदेश का महत्वपूर्ण विधानसभा सीट है, जहां छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने कांग्रेस के प्रत्याशी को जीत दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। तिलसिवा में स्टार प्रचारक के रूप में पहुंचे अमरजीत भगत ने जनसमुदाय को भाजपा की नाकामी के साथ कमरतोड़ महंगाई, बेरोजगारी, डीजल पेट्रोल के आसमान छूते दाम की ओर ध्यान दिलाया। इस दौरान उत्तर प्रदेश के चार विधानसभा राबर्ट्सगंज, ओबरा, दुद्धी और घोरावल के प्रभारी, सरगुजा कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग के जिला अध्यक्ष लक्ष्मी गुप्ता, कमल कांत साहू प्रदेश सचिव, बिहारी लाल राजवाड़े जिला महामंत्री, जनक लाल गुप्ता वरिष्ठ कांग्रेसी, ईश्वर सोनी ब्लाक अध्यक्ष, राजु गुप्ता, अवधेश साहू के अलावा विधायक चन्द्र देव राय, छत्तीसगढ़ के भजन सम्राट दिलीप षड़ंगी, अजय सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता नामांकन के समय से ही पूरी टीम के साथ धुआंधार प्रचार में लगी है। उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस ने अपना घोषणा पत्र जारी किया है। अमरजीत भगत ने कहा है कि जैसे छत्तीसगढ़ में राज्य सरकार ने घोषणा पत्र पर अमल किया, वैसे ही उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते हम घोषणाओं को अमल में लाएंगे। छग में किसानों के कर्ज माफ के अपने वायदे को भूपेश सरकार पूरा की है। उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर उत्तर प्रदेश की छात्राओं को स्मार्टफोन और स्कूटी दी जाएगी। सालाना 3 मुफ्त गैस सिलेंडर और महिलाओं के लिए फ्री बस सेवा रहेगी। नए सरकारी पदों में आरक्षण प्रवधानों के अनुसार 40 फीसदी महिलाओं की नियुक्ति होगी। बुजुर्ग महिला और विधवाओं को हर महीने एक हजार रुपये पेंशन दी जाएगी। आंगनबाड़ी और आशा की कार्यकर्ताओं को 10 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। इसके अलावा वीरांगनाओं के नाम पर 75 दक्षता विद्यालय शुरू किए जाएंगे। विदित हो कि उत्तर प्रदेश का घोरावल विधानसभा जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा जिला है। इसकी सीमाएं देश के चार राज्यों मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार से लगी है। सोनभद्र के घोरावल विधानसभा सीट पर वर्तमान में भाजपा से अनिल कुमार मौर्य विधायक व वर्तमान प्रत्याशी हैं। 2022 में कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी राज परिवार की बिंदेश्वरी सिंह को बनाया है।

Categorized in: