अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गणेशपुर के समीप अनियंत्रित बोलेरो की ठोकर से बाइक सवार चार युवकों की मौत हो गई। तीन ने घटनास्थल और एक ने अस्पताल में दम तोड़ा।


जानकारी के मुताबिक रामानुजनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गणेशपुर निवासी घनश्याम सिंह 19 वर्ष, शिवनारायण 19 वर्ष, कलेश्वर 22 वर्ष व रोहित 22 वर्ष के ग्राम रामतीरथ निवासी दोस्त की शादी हुई थी। रविवार की रात चारों उसकी शादी पार्टी समारोह में शामिल होने गए थे। यहां खाना-पीना कर रात करीब दो बजे बाइक क्रमांक सीजी 15-7627 से चारों एक बाइक में सवार होकर लौट रहे थे।

प्रेमनगर रोड पर ग्राम पंचायत गणेशपुर पहुंचे थे तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे चारों सड़क व खेत में जा गिरे। हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवकों को टक्कर मारने के बाद बोलेरो भी सड़क किनारे खेत में जाकर पलट गई। हादसे में घायल चौथे युवक को वहां से गुजर रहे लोगों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां उसकी भी मौत हो गई।


सूचना पर पहुंची पुलिस ने बोलेरो वाहन को जब्त कर फरार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद चारों युवकों का शव परिजनों को सौंप दिया। चारों युवकों की मौत से गणेशपुर में मातम पसरा हुआ है। सोमवार को चारों युवकों की एक साथ अर्थी उठी तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। पुलिस आरोपित चालक की खोजबीन में लगी है।

Categorized in: