अनिल उपाध्याय


सीतापुर:-प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत किये जा रहे मरम्मत कार्य मे ग्रामीणों ने लीपापोती का आरोप लगा आपत्ति दर्ज कराई है।ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत गुणवत्ता को दरकिनार कर किया जा रहा है जिससे इसकी मजबूती प्रभावित हो रही है।ग्रामीणों ने गुणवत्तापूर्वक सड़क मरम्मत कार्य कराने की माँग की है ताकि सड़क लंबे समय तक टिकाऊ एवं मजबूत बन सके।
विदित हो कि ग्राम पंचायत उलकिया में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना अंतर्गत बरबहला चौक से बेलगाँव सरहद तक पाँच किमी लंबी सड़क का मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।वर्तमान में कार्य प्रगति पर है जिसका ग्रामवासी विरोध कर रहे है।ग्रामीणों ने सड़क मरम्मत कार्य मे लीपापोती का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क मरम्मत में गुणवत्ता को दरकिनार कर दिया गया है।सड़क मरम्मत के दौरान डामरीकरण की मोटाई जिस अनुपात में होनी चाहिए उस अनुपात में नही किया जा रहा है।कई हिस्सों में तो डामर का पतला परत बिछाकर केवल सड़क मरम्मत की औपचारिकता पूरी की जा रही है।इससे सड़क की मजबूती एवं गुणवत्ता दोनो प्रभावित हो रही है जो भविष्य में सड़क के लिए नुकसानदेह साबित होगा।इस संबंध में ग्रामीण कल्पनाथ,सुरजीत,शिव,दीना आदि ने सड़क के मरम्मत कार्य मे लीपापोती का आरोप लगा आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी सड़क मरम्मत कार्य को लेकर गंभीर नही है।कार्यस्थल पर उनकी उपस्थिति ना के बराबर होती है जिसका लाभ उठाकर निर्माण एजेंसी मनमाना काम कर रही है।ग्रामीणों का कहना है कि नेशनल हाईवे से जोड़ने वाली इस सड़क की मरम्मत एक दशक बाद हो रही है जिससे लोगो मे ये उम्मीद जगी है कि अब वो इस सड़क के माध्यम से सीधे नेशनल हाईवे से जुड़ सकेंगे।उन्होंने पूरी गुणवत्ता के साथ सड़क मरम्मत कार्य कराने की माँग की है ताकि सड़क मजबूत एवं टिकाऊ बने एवं भविष्य में इसकी उपयोगिता साबित हो सके।
इस संबंध में उपअभियंता पीएमजीएसवाई कार्तिक कुमार ने कहा कि ग्रामीणों के मंशानुरूप सड़क की मरम्मत हो इसका पूरा ख्याल रखा जायेगा।इसके लिए निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया जायेगा।

Categorized in: