नमनाकला सब स्टेशन में जला ट्रांसफार्मर, शहर के कई इलाक़ों में बिजली गोल रहने से बढ़ी परेशानी


अंबिकापुर। नमनाकला सब स्टेशन में रविवार की सुबह हाइटेंशन लाइन में आई गड़बड़ी से पूरे शहर की बिजली व्यवस्था चौपट हो गई। तकनीकि व्यवधान के कारण पावर ट्रांसफार्मर में आग लग गई। यहां मौजूद विद्युत कर्मियों ने बालू डालकर आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन भीषण आग को बुझाने में असफल रहे। इसकी सूचना मिलने पर दमकल के साथ होमगार्ड के कर्मचारी पहुंचे और आग बुझाई। बताया जा रहा है कि 132 केवी बिशुनपुर से सप्लाई किए गए शहर के सभी फीडरों से बिजली आपूर्ति बंद है। आग लगने से पावर ट्रांसफार्मर को काफी नुकसान पहुंचा है। बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि शहर के आधे हिस्से में बिजली व्यवस्था चालू कर दी गई है, लेकिन ट्रांसफार्मर नहीं सुधरा तो परेशानी बढ़ सकती है। फिलहाल ट्रांसफार्मर के सुधार कार्य में कर्मचारी लगे हैं। नमनाकला सब स्टेशन में आग लगने के कारण सब स्टेशनों पर भी इसका असर पड़ा है। नमना और बनारस रोड औद्योगिक क्षेत्र के सब स्टेशन में बिजली सप्लाई बंद है।

Categorized in: