अंबिकापुर। नाती के लिए लड़की देखने मोटरसाइकिल से गए नाना और नाती की विपरीत दिशा से आ रही मोटरसाइकिल से हुई टक्कर में उपचार के दौरान मौत हो गई। दुर्घटना में दूसरे मोटरसाइकिल में सवार तीन लोगों में से दो को चोटें आई हैं, इन्हें राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय अंबिकापुर में भर्ती किया गया है। दुर्घटना की जानकारी मृतक के पुत्र को मोबाइल के स्टेटस में डाले गए मोटरसाइकिल के फोटो से मिली और वे मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे। जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना अंतर्गत ग्राम मदनपुर निवासी चलितर पिता स्व.बागरसाय (55) बीते नौ जनवरी को अपने नाती संदीप के लिए लड़की देखने गांव के हितेश का मोटरसाइकिल लेकर बलरामपुर गया था। 10 जनवरी को शाम करीब सात बजे चलितर के लड़के आशीष ने मोबाइल के स्टेटस में पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 डीवी 0121 को देखा जिसमें उसके पिता अपने नाती संदीप के लिए लड़की देखने गए थे। जब उन्होंने परिचित जेवियर के पास फोन करके जानकारी ली तो पता चला कि सेमरसोत के पास राजपुर की ओर से आ रहे मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 30 डी 4191 में सवार तीन व्यक्तियों से इनकी भिड़ंत हुई है, जिसमें चलितर व संदीप बेहोश हो गए थे। दूसरे मोटरसाइकिल में सवार लोगों को भी चोटें आई हैं। इन्हें क्षेत्रीय अस्पताल से रेफर करने पर अंबिकापुर ले जाने की जानकारी दी गई। स्वजन जब अंबिकापुर मेडिकल कालेज अस्पताल पहुंचे तो इन्हें आइसीयू में भर्ती किया गया था, दोनों बेहोशी की हालत में थे। उपचार के दौरान देर रात 12.40 बजे संदीप कुजूर पिता रामदीन (21) की मौत हो गई। चलितर की मौत मंगलवार को अलसुबह लगभग साढ़े पांच बजे हो गई। दूसरे मोटरसाइकिल में सवार घायल दो लोगों का उपचार चल रहा है। स्थानीय पुलिस ने स्वजनों का बयान लेकर मामले में मर्ग कायम किया है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।

Categorized in: