गिरजा ठाकुर


वर्चुअल एक्सपोज, आई.मोबाइल और गूगल फार्म के माध्यम से करते थे ठगी
सरगुजा पुलिस को मिली बड़ी सफलता


अंबिकापुर। सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी के अंतर्राज्यीय आरोपित को जामताड़ा से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपित वर्चुअल एक्सपोज, आई.मोबाइल और गूगल फार्म के माध्यम से ठगी का शिकार लोगों को बना रहा था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला ने मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि बीते 14 दिसंबर 2021 को मनेन्द्रगढ़ रोड निवासी होटल व्यवसायी अपने होटल से पार्सल डिलीवरी हेतु जोमैटो में अपना एकाउंट बना रहा था, जिसमें वह अपना मोबाइल नंबर रजिस्टर्ड कर रहा था। इसके बाद मोबाइल नंबर 81013 78344 से उसके मोबाइल में फोन आया जिसने प्रार्थी को एक लिंक के माध्यम मोबाइल नंबर, नाम, दुकान का नाम, यूपीआई पिन डालकर भेजा। इसके कुछ देर बाद प्रार्थी के यूनियम बैंक खाते से 53 हजार 800 रुपये कट गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 1322/2021 धारा 420 भादवि, आइटी एक्ट की धारा 66डी, पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। विवेचना के दौरान प्रार्थी व्यवसायी के बैंक खाते से कटे रुपये की छानबीन हेतु तकनीकी जानकारी साइबर सेल से प्राप्त की गई, तो आरोपित का पता गिरीडीह झारखंड का होना पाया गया।पुलिस अधीक्षक सरगुजा अमित तुकाराम काम्बले (भापुसे) के दिशानिर्देश व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा विवेक शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक पुष्कर शर्मा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में आरोपित की पतासाजी एवं गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम तैयार कर ग्राम पंडरिया थाना अहिल्यापुर जिला-गिरीडीह झारखण्ड भेजा गया और आरोपित की तलाश की गई। आरोपित पकड़े जाने के डर से जंगल में बैठकर अपने सेट-अप के साथ ठगी का काम करने में मशगूल था। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर गिरीडीह नक्सली क्षेत्र से आरोपी मो. हब्बिउल्ला पिता मो. इब्राहिम, (24) निवासी ग्राम पंडरिया थाना अहिल्यापुर जिला गिरीडीह झारखण्ड को पकड़ा। आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह अपने साथियों के साथ गूगल सर्च पर अपना मोबाइल नंबर, कस्टमर केयर के नाम से रजिस्टर करते हैं। लोगों के काल आने पर उनकी निजी जानकारी गूगल फार्म के माध्यम से लेकर बैंक खाते से राशि आहरण कर लेते थे। आरोपितों के द्वारा देश के अलग-अलग 20 राज्यों में फर्जी कस्टमर केयर अधिकारी बनकर ठगी का काम किया है। ठगी की राशि से अरोपित ने मोटरसाइकिल, मोबाइल व दैनिक उपयोग की वस्तुएं खरीदी थी। आरोपित के कब्जे से छह नग मोबाइल, एक याम्हा मोटरसाइकिल कुल राशि करीब दो लाख 50 हजार रुपये जप्त कर आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। आरोपित की पतासाजी एवं गिरफ्तारी में पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारी अंबिकापुर निरीक्षक राहुल तिवारी, निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, निरीक्षक प्रफुल नरेश तिग्गा, सायबर सेल प्रभारी उनि विद्याभूषण भारद्वाज, सउनि अभिषेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक इम्तियाज अली, दिगपाल सिंह, कुंदन सिंह, शिव राजवाड़े, सायबर सेल से सुयश पैकरा, लालदेव साय, अनुज जायसवाल का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

Categorized in: