भर्ती होने के बाद 2 बार भेजा गया सैंपल आया निगेटिव, संभाग में अब १४ एक्टिव केस
अंबिकापुर। कोरोना पॉजिटिवों के आंकड़े सरगुजा संभाग में लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी ताजा आंकड़े के अनुसार सरगुजा व कोरिया जिले में फिर 1-1 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। सरगुजा में मिला पॉजिटिव मरीज मैनपाट के कमलेश्वरपुर स्थित एकलव्य आवासीय भवन क्वारेंटाइन सेंटर का है। 21 वर्षीय युवक ग्राम सरभंजा के आश्रित ग्राम सरईकिरचा निवासी मुंबई से 19 मई को लौटा था। सूचना मिलते ही उसे क्वारेंटाइन किया गया था। जबकि कोरिया जिले में मिला पॉजिटिव गुजरात से लौटा श्रमिक है। दोनों को कोविड-19 अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती किया जाएगा। वहीं इन सबके बीच एक राहत भरी खबर भी आई है। अंबिकापुर के कोविड अस्पताल में भर्ती हुआ पहला मरीज कोरिया का युवक स्वस्थ हो गया है। भर्ती होने के बाद उसका दो बार भेजे गए सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव आई, इस पर रविवार की शाम उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। सरगुजा संभाग में अब एक्टिव केस १४ हो गए हंै।
सरगुजा संभाग के सरगुजा व कोरिया जिले में 24 घंटे के भीतर 9 कोरोना पॉजिटिव मरीजों के मिलने की पुष्टि हो चुकी है। 23 मई को सरगुजा जिले के अंबिकापुर में 3 तथा कोरिया जिले में 4 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले थे। वहीं रविवार को फिर दोनों जिले में 1-1 पॉजिटिव मिले हैं। ऐसे में सरगुजा संभाग में एक्टिव मरीजों की सं या 1४ हो गई है। हम आपको बता दें कि सूरजपुर व बलरामपुर जिले से भी 1-1 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। अकेले सरगुजा जिले के अंबिकापुर में 5 तथा मैनपाट में 2 मरीज हैं। कोरिया जिले में मिला कोरोना पॉजिटिव मरीज 8 दिन पूर्व गुजरात से लौटा था। वह वहां मजदूरी करता था। वह जिले के कटकोना क्षेत्र का निवासी है। गुजरात से लौटने के बाद उसे गांव के बाहर पंचायत भवन में क्वारेंटाइन किया गया था। इसी बीच उसमें कोरोना के लक्षण आने के बाद 23 मई को ही उसे खडग़वां क्वारेंटाइन सेंटर में भेजा गया था। उसका सैंपल तत्काल रायपुर भेजा गया और आज उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई।
डिस्चार्ज हुए युवक में १५ मई को हुई थी कोरोना की पुष्टि
कोरिया जिले के चिरमिरी हल्दीबाड़ी निवासी 28 वर्षीय एक युवक के 15 मई को कोरोना पॉजिटिव के रूप में पुष्टि की गई थी। युवक अपने परिजन के साथ उत्तर प्रदेश के फतेहपुर से पुष्टि के सप्ताहभर पूर्व अपने घर लौटा था। बड़े नेताओं के दबाव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा उसे अस्पताल में क्वारेंटाइन कर होम आइसोलेट किया गया था। इधर युवक होम आइसोलेशन का उल्लंघन कर कई लोगों के संपर्क में आया और इधर-उधर घूमता रहा। कोरोना की पुष्टि होने के बाद प्रशासनिक व स्वास्थ्य अमले में हडक़ंप मच गया था। इसके बाद उसे कोविड-19 अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया था। यहां इलाज के दौरान उसका 2 बार सैंपल जांच के लिए रायपुर भेजा गया था। दोनों ही रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उसे स्वस्थ घोषित किया गया है। कोविड-19 अस्पताल अंबिकापुर प्रबंधन द्वारा रविवार को कोरिया जिले के सीएमएचओ को इसकी सूचना देते हुए युवक को डिस्चार्ज कर दिया गया। होम आइसोलेशन का उल्लंघन करने पर युवक के खिलाफ थाने में अपराध भी दर्ज किया गया है। उसके साथ उसके परिवार के 2 करीबी सदस्यों के खिलाफ भी अपराध दर्ज है।
ताली बजाकर युवक को किया गया विदा
अंबिकापुर के कोविड अस्पताल में भर्ती कोरिया के मरीज के स्वस्थ होने के बाद रविवार की देर शाम अस्पताल प्रबंधन द्वारा उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। इस दौरान वहां मौजूद सीएमचओ डॉ. पीएस सिसोदिया, डॉ. अलख वर्मा, डॉ. अनुपम मिंज, डॉ. रोशन वर्मा, डॉ. अमीन फिरदौसी, प्रियंका कुरील व अन्य कर्मचारियों ने ताली बजाकर युवक को अस्पताल से विदा किया। इससे पूर्व सीएमचओ ने युवक को १४ दिन के होम आइसोलेशन में रहने की सलाह दी है।

Categorized in: