रासायनिक खाद की समस्या को लेकर शहरी व ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित धरना प्रदर्शन में विधायक गुलाब कमरों ने केंद्र सरकार को लिया आड़े हाथ

मनेंद्रगढ़ ! केंद्र में बैठी भाजपा की मोदी सरकार देश को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बना दे रही है देश के उद्योगों को निजी हाथों में बेच दे रही है देश की मोदी सरकार अदानी और अंबानी के हाथों खेल खेल रही है जिससे देश का आम आदमी तबाही के कगार पर आकर खड़ा हो गया है ! उक्त बातें सरगुजा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब कमरों ने शुक्रवार को मनेंद्रगढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहरी एवं ग्रामीण के द्वारा रासायनिक खाद की समस्या को लेकर आयोजित किए गए धरना प्रदर्शन में कहीं ! विधायक श्री कमरो ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में खाद-बीज की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है जिसको लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आवाहन पर प्रदेश के समस्त जिला एवं ब्लाक मुख्यालयों में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन कर किसानों को तत्काल राहत पहुंचाये जाने और छत्तीसगढ़ को अविलंब भरपूर मात्रा में खाद मुहैया कराये जाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया ! उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार द्वारा खरीफ 2021 सीजन के लिये केन्द्र सरकार से 11.75 लाख टन रासायनिक उर्वरकों के आपूर्ति की मांग की गई थी किन्तु माह-जुलाई तक छत्तीसगढ़ को मात्र 5.26 लाख मीट्रिक टन रासायनिक खाद प्रदाय की गई है। बीते 6 वर्षों की तुलना में इस साल खरीफ सीजन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य को अब तक रासायनिक उर्वरकों की आधी-अधूरी मात्रा ही मिल पाई है, जिससे राज्य में किसानों की मांग के अनुसार रासायनिक उर्वरकों की पूर्ति में दिक्कत हो रही है। विधायक श्री कमरों ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार छत्तीसगढ़ प्रदेश सरकार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार प्रदेश में बेहतर काम कर सर्वहारा वर्ग को लाभ पहुंचाने का काम कर रही है जिसको देखकर केंद्र में बैठी मोदी सरकार पचा नहीं पा रही है और सरकार के साथ सौतेला व्यवहार कर मांग के अनुरूप रसायनिक खाद मुहैया नहीं करा रही है ! छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन एवं बेहतर कार्य करने के कारण ही राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न उल्लेखनीय कार्यों में छत्तीसगढ़ राज्य को अवार्ड प्राप्त हुआ है ! विधायक श्री कमरों ने कहा कि अच्छे दिन लाने का सपना दिखाकर मोदी सरकार सत्ता में आई थी लेकिन आज तक वो अच्छे दिन नहीं आए! झूठे वादा कर केंद्र की मोदी सरकार ने देश की जनता के साथ छलावा किया है! साढ़े आठ माह से दिल्ली बॉर्डर पर किसान तीन काले कानून को वापस लेने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं ! लेकिन अपने आप को किसान हितैषी बताने वाली मोदी सरकार को उन किसानों की कोई परवाह नहीं है! देश की जनता को मोदी सरकार ने महंगाई के मुंह में डाल दिया है जिसके कारण आज देश की आम जनता महंगाई के कारण त्राहि-त्राहि कर रही है ! देश की मोदी सरकार के कुशासन के कारण देश की हालत दिनोंदिन खराब होती जा रही है ! देश की मोदी सरकार हम दो हमारे दो की नीति पर काम कर पूंजी पतियों को लाभ पहुंचा रही हैं ! देश की गरीब जनता से मोदी सरकार का कोई सरोकार नहीं है ! विधायक गुलाब कमरों ने केंद्र की मोदी सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कटघरे में खड़ा किया! ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के द्वारा आयोजित रसायनिक खाद की समस्या को लेकर धरना प्रदर्शन में वरिष्ठ कांग्रेसी रमेश सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रभा पटेल, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष राजेश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर प्रवक्ता शुद्धूलाल वर्मा, संदीप द्विवेदी, मकसूद आलम, विमल हितकर, शमीना खातून ने भी केंद्र की मोदी सरकार पर करारा प्रहार करते हुए हमला बोला है ! धरना प्रदर्शन में कार्यक्रम का संचालन विवेक चतुर्वेदी एवं आभार प्रदर्शन ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष राजेश साहू ने किया ! धरना प्रदर्शन में कांग्रेस सेवा दल, महिला कांग्रेस एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर एवं ग्रामीण के काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे !

Categorized in: