अम्बिकापुर। गत दिवस राजपुर विकासखंड के बरियों चौकी अंतर्गत ग्राम सिधमा में भूमि विवाद पर दो पक्षों में  हुई मारपीट के बाद  भूमि स्वामी श्यामसुंदर कुशवाहा ने पत्रकारों को संबोधित कर भू-माफिया द्वारा प्रताड़ित करने की बात कहते हुए इस संबंध में अपनी आपबीती सुनाई तथा प्रशासन से न्याय दिलाने की गुहार लगाई।
श्यामसुंदर ने बताया कि ग्राम सिधमा में उनके स्वामित्व की साढ़े 5 एकड़ भूमि है जिसमें से लगभग डेढ़ एकड़ जमीन पर वर्ष गांव के मणिदीप जायसवाल तथा जितेन्द्र उर्फ छोटू जायसवाल द्वारा अवैध तरीके से कब्जा कर लिया गया है। पिछले दिनों उक्त दोनों भाईयों द्वारा श्यामसुंदर के पूरे साढे़ 5 एकड़ भूमि को जोते जाने की सूचना मिलने के बाद वे अपने परिवार के सदस्यों तथा ग्रामीणों के साथ अपनी भूमि पर पहुंचे थे जहां का नजारा देख वे हक्के-बक्के रह गये। लोगों के कहने पर उन्होनें उक्त भूमि पर फिर से जोताई कर रहर के बीज बोना शुरू किया इसी दौरान वहां जितेन्द्र जायसवाल अपने साथी सोनू सरदार उर्फ लल्ला, आकाश पाण्डेय, अरूण यादव, मिथिलेश पटेल, देवेन्द्र, हिमांशु श्रीवास्तव, श्रीकांत जायसवाल सहित 8-10 लोगों को सफारी वाहन में लाठी-डंडे तथा तलवार लेकर वहां पहुंचा तथा गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गया। इस दौरान हुई झड़प तथा धक्का-मुक्की की वजह से दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आयीं जिसपर ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। वहां से जाते समय भी छोटू ने एक-एक को देख लेने की धमकी दी तथा थाने जाकर श्यामसुंदर व उनके दो भतीजों के खिलाफ नामजद झूठा अपराध दर्ज करा दिया।

उन्होनें बताया कि इस घटना के तुरंत बाद वे भी थाने पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी देकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किये जाने की मांग की मगर पुलिस ने उनकी नहीं सुनी। इस घटना के चार दिन बीत जाने के बाद भी अब तक श्यामसुंदर पक्ष की ओर से पुलिस ने एफआईआर नहीं लिखी है जिससे वे इधर-उधर भटककर न्याय की गुहार लगाते फिर रहे हैं।

कलेक्टर कोर्ट से आ चुका है फैसला
उक्त डेढ़ एकड़ भूमि पर जायसवाल भाईयों द्वारा कब्जा किये जाने के संबंध में पीड़ित श्यामसुंदर ने वर्ष 2017 में ही तहसील तथा कलेक्टर के पास शिकायत कर जानकारी दी थी जिसपर कलेक्टर कोर्ट से उन्हें क्लीन चिट दे दिया गया है मगर इसके बाद अधीनस्थ अधिकारियों द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किये जाने से उनके हौसले बढ़ते गये तथा इस बार वे पूरी जमीन को हड़पने की फिराक में जुट गये।

बार-बार दे रहे अलग-अलग बयान, जांच की मांग
पीड़ित श्यामसुंदर ने बताया कि आरोपी छोटू जायसवाल के भाई मणिदीप जायसवाल ने थाने में दर्ज एफआईआर में कहा है कि हमारी तरफ से उसपर फायरिंग की गयी यदि ऐसा है तो पुलिस को मौके पर जाकर फायरिंग के सबूत ढूंढने चाहिये वहीं दो तीन दिन पूर्व पुलिस उच्चाधिकारियों को आवेदन देकर उसने हीरे की अंगूठी तथा लगभग 45 हजार रूपये के मोबाईल चोरी करने के भी आरोप लगाये हैं, इस संबंध में भी पुलिस को उक्त मोबाईल के करंट लोकेशन का पता लगाना चाहिये अन्यथा झूठी शिकायत दर्ज कराने के जुर्म में उसपर कार्यवाही किया जाना चाहिये।

कुख्यात अपराधियों के साथ पहुंचा था मौके पर
उन्होनें बताया कि घटना दिवस मौके पर पहुंचे छोटू के साथ लल्ला उर्फ सोनू सिंह पर एक दर्जन से अधिक मारपीट व अन्य आपराधिक घटनाएं बरियों तथा राजपुर थाने में दर्ज हैं इसके खिलाफ जिला बदर की कार्यवाही की फाईल भी पुलिस अधीक्षक के पास लटकी हुई है। आकाश पाण्डेय जो जितेन्द्र जायसवाल का करीबी है इसपर कुछ वर्ष पूर्व एक क्रेशर मालिक से फिरौती मांगने का मामला दर्ज हुआ था। ऐसे ही अपराधियों के दम पर जितेन्द्र जायसवाल तथा मणिदीप ने कई ग्रामीणों की जमीन पर राजस्व अधिकारियों से सांठगांठ कर कब्जा कर लिया है  तथा यहां आतंक का राज कायम करना चाहता है। श्री कुशवाहा ने पुलिस तथा प्रशासन से इस मामले को गंभीरतापूर्वक लेकर विचार करते हुए न्याय दिलाने की मांग करते हुए आरोपी पक्षों पर कार्यवाही की मांग की है।

Categorized in: