सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया आरोपी, किया गया क्वारेंटाइन
अंबिकापुर. मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में बने कोविड-19 अस्पताल की सुरक्षा भगवान भरोसे हैं। यहां कोरोना पॉजिटिव मरीजों व कोरोना संदिग्धों को भर्ती कर उनका इलाज किया जा रहा है। वर्तमान में यहां अंबिकापुर में मिली कोरोना पॉजिटिव महिला समेत 3 पॉजिटिव का इलाज चल रहा है। मंगलवार की रात डॉक्टर बनकर एक युवक वहां घुस आया और कोरोना पॉजिटिव महिला से पूछताछ करने लगा। उसने महिला की मोबाइल लूटने की भी कोशिश की, इसके बाद फरार हो गया। शिकायत स्वास्थ्य मंत्री तक पहुंची तो उन्होंने अस्पताल प्रबंधन, प्रशासन व पुलिस को तलब किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिर तार कर लिया है। उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही है।
गौरतलब है कि कोविड-19 अस्पताल में शहर के मोमिनपुरा निवासी 55 वर्षीय महिला महिला, सूरजपुर के जयनगर व कोरिया जिले के चिरमिरी में मिले कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। महिला को आईसीयू में रखा गया है। इसी बीच मंगलवार की रात करीब 2 बजे अज्ञात युवक महिला के कमरे में घुस आया और डॉक्टर की तरह सवाल-जवाब करने लगा। इस बीच उसने महिला का मोबाइल लूटने की भी कोशिश की। महिला के विरोध करने पर वह भाग निकला। इसकी सूचना महिला ने अपने पुत्र को दी। पुत्र ने मामले की शिकायत स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से की।
स्वास्थ्य मंत्री ने कार्रवाई के दिए निर्देश
सूचना मिलते ही स्वास्थ्य मंत्री ने मेडिकल कॉलेज के डीन, सीएमएचओ, कलक्टर, एसपी को कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री का आदेश मिलते ही सभी ने कोविड-19 अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और अस्पताल में घुसे युवक की पहचान कर ली। सूत्रों के अनुसार युवक अस्पताल का ही ड्राइवर है। उसे गिर तार कर उसके खिलाफ कार्रवाई की तैयारी चल रही है। इधर आरोपी का कहना है कि वह महिला से मिलने गया था।

Categorized in: