चंचलेश श्रीवास्तव सूरजपुर। इन दिनों चल रहे आईपीएल मैच में टीमो की हार जीत पर सट्टापट्टी का धंधा जोरो पर है। पुलिस ने सट्टा खिलाने वाली दो छोटी मछलियों को पकड़ कर उनके पास से करीब पांच हजार रुपये नगद व दो मोबाईल जप्त किया है। परन्तु इस धंधे से जुड़े मगरमच्छो तक पुलिस के हाथ क्यो नहीं पहुंच रहे है यह समझ से परे है। या तो पुलिस का सूचना तंत्र कमजोर है या फिर मैनेजमेंट तगड़ा है यह तो वे ही जाने,,,? आईपीएल मैच में कौन सी टीम जीतेगी प्रतिदिन चल रहे मैचों में बड़े पैमाने पर सट्टा लग रहा है। पुलिस ने सूचना पर नगर के जेलपारा के युवक सब्बीर आलम को नए बस स्टैंड के पास से सट्टा खिलाते पकड़ा। जिसके पास से 27 सौ रुपये व एक मोबाईल जप्त किया है। जिसमे फोन पे एफ के माध्यम 1.20 लाख रुपये का लेनदेन होना बताया गया है। वहीं दूसरे मामले में पम्पापुर के योगेश साहू नामक युवक को भी इसी मामले में पकडकर इसके पास से 2 हजार रुपये नगद् व एक मोबाइल जप्त किया गया है। इसके द्वारा भी फोन पे एफ के माध्यम से 50 हजार रुपये का लेनदेन होने की बात पुलिस के द्वारा कही गई है। पुलिस ने इन युवकों पर 4 क के तहत कार्रवाई किया है। वहीं पुलिस ने बताया है कि कार्रवाई के दौरान दांव लगाने वाले युवक दोनों जगहों से भाग निकले है।सूत्रों की माने तो आईपीएल मैच में यहां प्रतिदिन बड़े पैमाने पर सट्टा लगाया जा रहा है। जिसमे कुछ बड़े सटोरियो की संलिप्तता है। जिन तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच पा रहे है या फिर ऐसे बड़े सटोरियों तक पुलिस पहुंचना ही नहीं चाह रही है। बात चाहे जो भी हो यह तो वे ही जाने। अगर पुलिस सूचना के बल पर छोटी मछलियों तक पहुंच रही है तो इस धंधे में लगे बड़े मगरमच्छो तक पहुंचने में पुलिस का सूचना तंत्र काम क्यो नहीं कर रहा है। शहर से लेकर गाँवो तक अगर यह कारोबार पहुंच गया है तो स्वाभाविक है कि इनका कोई आका भी होगा। परन्तु पुलिस कभी उन तक पहुंचने की कोशिश की हो यह अब तक कि कार्रवाई को देखकर नहीं लगा है। सट्टे की गिरफ्त में आकर युवा वर्ग बड़ी तेजी से बर्बाद और कर्जदार हो रहे है। ऐसा ही एक मामला पिछले वर्ष अक्टूबर में नगर से सामने आया था। जब सट्टा में लाखो रुपये गंवाने के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्म हत्या कर लिया था। उस वक्त ऐसा लगा था कि पुलिस इस धंधे से जुड़े लोगो की पतासाजी कर कार्रवाई करेगी। ताकि अन्य युवक इसकी गिरफ्त से दूर रहे। परन्तु पुलिसिया कार्रवाई रात गई बात गई की तर्ज पर ठंडे बस्ते में चली गई। अब एक बार फिर आईपीएल मैच में दांव लग रहे है जिसपर पुछल्ले लोगो पर कार्रवाई कर पुलिस अपने कर्तव्यों की इतिश्री के मूड में नजर आ रही है।

Categorized in: