अम्बिकापुर – छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री अमरजीत भगत ने आज अंबिकापुर से बतौली प्रवास के दौरान रास्ते में रूककर राष्ट्रीय राजमार्ग 43 का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्राम पंचायत चेन्द्रा के पास निर्माणाधीन जर्जर मार्ग का जायजा लिया और मार्ग की हालत देखकर अप्रसन्नता जाहिर की। मंत्री श्री भगत ने निर्माणाधीन मार्ग के संबंध में निर्माण कंपनी डीबीसीएल के अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेते हुए पूछा कि अब तक काम क्यों शुरू नहीं हुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग 43 पर अब तक के निर्माण कार्य से नाखुश मंत्री श्री भगत ने डी.बी.सी.एल के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू कराया जाए। सबसे पहले यहां ओलावृष्टि और असमय बारिश की वजह से जो बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं उनकी मरम्मत जल्द से जल्द कराई जाए।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय राजमार्ग का काम काफी समय से चल रहा है। मंथर गति से चल रहे इस निर्माण कार्य के कारण सड़क खतरनाक हालत में है। यहाँ हमेशा दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है। सबसे ज्यादा मुसीबत दोपहिया वाहनों को होती है।

Categorized in: