मनेंद्रगढ़ (शुद्धूलाल वर्मा)। सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) भरतपुर सोनहत विधायक गुलाब कमरो ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संचालक को अनुशंसा सहित्य प्रस्ताव पत्र प्रेषित कर प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के आह्वान पर अनिश्चितकालीन हड़ताल में रहने के कारण की गई बर्खास्तगी की कार्रवाई को शून्य घोषित कर कर्मचारियों को पुन: स्वास्थ्य सेवा में बहाल किए जाने की मांग की है।

तत्संबंध में राज्यमंत्री कमरो ने अपने पत्र में कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ के आह्वान पर 19 सितम्बर 2020 से कोरिया जिले के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा अनिश्चितकालीन हड़ताल किया जा रहा था! हड़ताल अवधि के दौरान संघ के आह्वान पर जिले के समस्त संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों द्वारा 22 सितम्बर 2020 को अपना सामूहिक त्याग-पत्र दिया गया, जिसमें कई संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का त्याग पत्र स्वीकार कर 23 सितम्बर 2020 को कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला स्वास्थ्य समिति के अनुमोदन उपरांत 26 स्वास्थ्य कर्मचारियों की सेवा समाप्त कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एनएचएम कर्मचारी संघ द्वारा उक्त संबंध में स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा कर आश्वासन उपरांत 28 सितम्बर को हड़ताल समाप्त कर अपनी सेवाएं देने हेतु उपस्थिति दी गई है। राज्यमंत्री कमरो ने कहा कि 23 सितम्बर 2020 को जारी अपने पत्र में आपने उल्लेखित किया है कि विभिन्न जिलों में कर्मचारी सभी कर्मचारियों के नाम से सामूहिक इस्तीफा संबंधी सूचना पत्र जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत कर रहे हैं जिसे नियमानुसार स्वीकार नहीं किया जा सकता। यह सर्वथा अनुचित है तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ के मानव संसाधन नीति 2018 की कंडिका 34 के विरूद्ध है, जिसके कारण उन 26 संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों पर की गई बर्खास्तगी की कार्रवाई को शून्य घोषित करते हुए पुन: उनकी सेवा बहाल की जानी चाहिए। राज्यमंत्री कमरो ने पत्र की प्रतिलिपि आयुक्त सरगुजा संभाग, कलेक्टर तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी प्रेषित की है।

Categorized in: