उत्तर प्रदेश : चर्चित IPS अधिकारी केके बिश्नोई का संभल में कार्यकाल अब खत्म हो गया है। करीब 1 साल 11 महीने तक जिले की पुलिस व्यवस्था संभालने के बाद उनका तबादला बिजनौर कर दिया गया है। विदाई समारोह के दौरान वह भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। इस भावुक पल का वीडियो भी सामने आया है।
संभल हिंसा का जिक्र आते ही भावुक हुए SP
केके बिश्नोई 24 नवंबर 2024 को संभल में हुई हिंसा के दौरान खास तौर पर चर्चा में आए थे। विदाई के दौरान उन्होंने उस मुश्किल दौर को याद किया तो भावनाएं नियंत्रित नहीं कर सके।उनके साथ मौजूद डीएम अंकित खंडेलवाल भी इस भावुक क्षण में अपने आंसू नहीं रोक पाए। समारोह में मौजूद पुलिसकर्मी और अधिकारी भी इस दौरान भावुक नजर आए।
पुलिसकर्मियों और संभल के लोगों को दिया श्रेय
केके बिश्नोई ने कहा कि मुश्किल समय में पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने एकजुट होकर काम किया। उन्होंने संभल के लोगों और अपनी टीम के सहयोग को याद करते हुए कहा कि इस साथ को वह हमेशा याद रखेंगे।उन्होंने जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों का आभार जताया और अपने संबोधन में एक शेर भी पढ़ा, ‘जहां रहेगा वहीं रौशनी लुटाएगा, किसी चराग का अपना मकां नहीं होता.’
अब बिजनौर की संभालेंगे कमान
संभल में कार्यकाल पूरा होने के बाद केके बिश्नोई अब बिजनौर जिले के पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी संभालेंगे। उनके कार्यकाल के दौरान कानून व्यवस्था को लेकर उनकी सक्रिय कार्यशैली की चर्चा होती रही।
IPS पत्नी ने सोशल मीडिया पर दी शुभकामनाएं
केके बिश्नोई की पत्नी अंशिका वर्मा भी IPS अधिकारी हैं और बरेली में SP साउथ के पद पर तैनात हैं। पति की विदाई के बाद उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ‘Always proud of you! Best wishes for the next assignment.’केके बिश्नोई और अंशिका वर्मा की शादी 26 मार्च 2026 को राजस्थान के जोधपुर में हुई थी। अब दोनों अधिकारी अलग-अलग जिलों में अपनी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।