शासकीय विद्यालयों के बच्चों को ABVP की रैली में शामिल कराने के मामले में जाँच की मांग

मनेंद्रगढ़ (एमसीबी) । शासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को ABVP के बैनर तले आयोजित तिरंगा रैली में शामिल किए जाने के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि तिरंगा यात्रा का सभी समर्थन करते हैं, लेकिन शासकीय विद्यालयों के बच्चों को किसी राजनीतिक संगठन के झंडे के साथ रैली में शामिल कराया जाना गंभीर और चिंताजनक विषय है।
पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष मनेंद्रगढ़ राजकुमार केसरवानी ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन-बान-शान है और हम तिरंगा यात्रा के पूर्ण समर्थन में हैं। लेकिन शासकीय विद्यालयों के बच्चों को राजनीतिक संगठन के झंडे के साथ रैली में शामिल कराया जाना उचित नहीं है। इसकी निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए।
जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस हाफिज मेमन ने कहा कि शासकीय स्कूलों का उपयोग किसी राजनीतिक संगठन के प्रचार के लिए नहीं किया जा सकता। बच्चों को राजनीतिक गतिविधियों से दूर रखना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। दोषियों पर उचित कार्रवाई होनी चाहिए।
एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष शिवम सिंह ने कहा कि छात्रों को शिक्षा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना चाहिए, न कि राजनीतिक संगठनों के कार्यक्रमों से। यदि शासकीय स्कूलों के बच्चों को ABVP का झंडा देकर रैली में शामिल कराया गया है तो इसकी पूरी जाँच कर जिम्मेदारी तय की जाए।
स्वप्निल सिन्हा प्रवक्ता जिला कांग्रेस एमसीबी ने कहा कि शासकीय शिक्षण संस्थान पूरी तरह गैर-राजनीतिक होने चाहिए। किसी भी राजनीतिक संगठन को सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों का इस्तेमाल अपने कार्यक्रम के लिए नहीं करना चाहिए। हम इस मामले में निष्पक्ष जाँच और आवश्यक कार्रवाई की मांग करते हैं।
सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि शासकीय विद्यालय शिक्षा के मंदिर हैं, किसी राजनीतिक संगठन का कार्यालय या प्रचार मंच नहीं। विद्यालयों की गरिमा और बच्चों की शिक्षा व्यवस्था को राजनीतिक प्रभाव से मुक्त रखना आवश्यक है।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जाँच कराई जाए और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

Categorized in: