पानी से भरे ड्रम में डालने से घबराए स्वजन, बच्ची का चल रहा उपचार  

लखनपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरी कला में शुक्रवार 31 जुलाई की शाम करीब 4 बजे एक बंदर ने बस्ती में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। बंदर ने घर के पालने में सो रही 5 माह की मासूम बच्ची को उठाकर पानी से भरे ड्रम में फेंक दिया।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को अचानक एक बंदर गांव में पहुंच गया। पहले तो उसे लोग कौतूहलवश देख रहे थे, लेकिन उसके उत्पात को देखकर लोग घरों में दुबक गए। इसी दौरान बंदर एक घर में घुसा और पालने में सो रही त्रिशिका प्रजापति पिता सुदर्शन प्रजापति 5 माह, निवासी रजपुरी कला को उठाकर आंगन में रखे पानी से भरे नीले ड्रम में डालकर भाग गया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर दौड़ते-भागते ड्रम के पास पहुंचे, और आनन-फानन में ड्रम से बाहर निकाल कर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उसे मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया गया था। खबर लिखे जाने तक बच्ची का इलाज जारी है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से जंगली बंदर बस्ती में घुसकर उत्पात मचाने लगते हंै, लेकिन इस बार बच्ची की जान आफत में पड़ गई।

उत्पाती बंदरों पर नजर रखने की जरूरत

घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से उत्पाती बंदरों की निगरानी के साथ इन्हें पकड़ने वाली टीम को सक्रिय करने का आग्रह किया है। वहीं जागरूक लोगों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, घरों के दरवाजे को बंद रखने, छोटे बच्चों को अकेला नहीं छोड़ने की अपील की है। वन विभाग को भी ऐसी सूचनाओं को तत्काल संज्ञान में लेना होगा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित न होने पाए।

Categorized in: