लाइसेंसी बंदूक जप्त, संपत्ति कुर्की और अतिक्रमण पर कार्रवाई की तैयारी

अंबिकापुर। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भफौली निवासी तरुण जायसवाल के विरूद्ध नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में प्रकरण दर्ज है। कई बार दबिश के बाद भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। ऐसे में सरगुजा पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इधर घटना के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हेने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। पुलिस ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए आरोपी के लाइसेंसी बंदूक को जब्त किया है, वहीं संपत्ति की पड़ताल कर रही है।

मामले में पहले ग्रामीणों की पहल पर पीड़िता अपने स्वजन के साथ कोतवाली थाना पहुंची थी। हाल में पुन: ग्रामीणों का जत्था थाने पहुंचकर जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर हल्ला बोला था। प्रमुख राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिमंडल ने भी पुलिस अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। इधर जनाक्रोश के बीच आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा है। पीड़िता के थाने पहुंचते ही यदि दबिश दी जाती तो आरोपी को भागने का मौका नहीं मिलता, इसे लेकर भी लोगों में नाराजगी है। थाना कोतवाली में नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में धारा 65(1) बी.एन.एस. एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 4,6 के तहत मामला दर्ज है।

एसएसपी ने की 5000 इनाम की घोषणा

मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया है। आरोपी की पतासाजी और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी हेतु सार्थक सूचना देने वाले को 5,000 रुपये के नगद इनाम की घोषणा भी की गई है। सूचना देने वाले का नाम पूर्णत: गोपनीय रखने की बता कही गई है।

शस्त्र लाइसेंस निरस्तीकरण की अनुशंसा


आरोपी के नाम पर पूर्व में 12 बोर डीबीएल बंदूक मय लाइसेंस जारी किया गया था। आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के कारण विवेचना प्रभावित हो सकती है, इसे देखते हुए थाना प्रभारी कोतवाली के प्रतिवेदन पर लाइसेंस निरस्तीकरण की अनुशंसा पुलिस अधीक्षक के माध्यम से भेजी गई थी। अग्रिम कार्रवाई के तहत कोतवाली पुलिस टीम ने आरोपी के परिजनों से उक्त लाइसेंसी बंदूक को जप्त कर लिया है।

आरोपी के संपत्ति कुर्की की प्रक्रिया शुरू

पुलिस टीम द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए राजस्व विभाग से आरोपी तरुण जायसवाल, निवासी ग्राम भफौली के चल व अचल संपत्ति की जानकारी ले रही है। साथ ही ग्राम भफौली में आरोपी के द्वारा अतिक्रमण की गई भूमि का मौके पर सत्यापन कराकर संपत्ति कुर्की की कार्रवाई की जा रही है।

शरण देने वालों पर भी होगी कार्रवाई

पुलिस टीम आरोपी के संभावित सभी ठिकानों पर लगातार छापामार कार्रवाई कर रही है। आरोपी को शरण देने या मदद करने वाले व्यक्तियों पर भी पुलिस की निगाह है और उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दे चुकी है। पूर्व में भी पुलिस जघन्य मामलों में आरोपी को शरण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है।

ज्वेलरी चोरी के आरोपी का पुष्ट सुराग बताने वाले को मिलेगा 5000 ईनाम

सरगुजा जिला के थाना सीतापुर क्षेत्र में ज्वेलरी का बैग लेकर फरार हुए अज्ञात आरोपी की पतासाजी के लिए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने 5,000 रुपये के ईनाम की घोषणा की है।
बता दें कि, अरुण देव सोनी पिता स्व. कांशीराम सोनी निवासी सीतापुर के द्वारा श्री काशी विश्वनाथ ज्वेलरी दुकान का संचालन किया जाता है। वे 26 जुलाई को सुबह लगभग 11.30 बजे अपनी स्कूटी वाहन के सामने सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग रखकर दुकान का शटर खोल रहे थे। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति स्कूटी के सामने रखा बैग लेकर फरार हो गया। बैग में लगभग एक करोड़ रुपये का सोने-चांदी के सामान रखा था। मामले में थाना सीतापुर में धारा 303(2) बी.एन.एस. का मामला पुलिस ने पंजीबद्ध करके विवेचना में लिया है। आरोपी की पतासाजी के हरसंभव प्रयास के बाद भी पुलिस को अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। व्यापारियों ने एक दिन पहले शुक्रवार को ज्वेलरी चोरी के आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में शहर बंद करके करीब 5 घंटे चक्काजाम किया था। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने एक सप्ताह का समय मांगते हुए कहा कि पुलिस टीम आरोपी के पतासाजी में निरंतर लगी है। बड़ी घटना के बाद पुलिस अब तक सैकड़ों सीसीटीव्ही फुटेज खंगाल चुकी है, लेकिन शातिर आरोपी तक पहुंच पाने में विफल रही है। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस रेग्युलेशन के पैरा 80-ए के तहत शक्ति का प्रयोग करते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा ने घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति अज्ञात आरोपी के संबंध में ऐसी ठोस जानकारी देगा, जिससे आरोपी की गिरफ्तारी संभव हो सके, उसे 5,000 रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम पूर्णत: गोपनीय रखा जाएगा। पुरस्कार वितरण का अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक सरगुजा का होगा।

दोनों मामले में इस नंबर पर देें सूचना

पुलिस ने आमजन से अपील की है, यदि किसी को आरोपी के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस अधीक्षक को 94791-93501, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को 94791-93502, पुलिस नियंत्रण कक्ष में 94791-93599 पर सूचित करें। सरगुजा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आरोपी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उसे जल्द गिरफ्तार कर कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

Categorized in: