खाना बनाने के लिये बुलाया और अश्लील वीडियो दिखाकर की घटना, एफआईआर दर्ज

अंबिकापुर। कोतवाली थाना अंतर्गत उपसरपंच के पति पर नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी ने खाने का बहाने नाबालिग को अपने घर बुलाया और देर रात दुष्कर्म किया। घटना के दौरान आरोपी ने नाबालिग को अश्लील वीडियो भी दिखाया और दुष्कर्म की बात बताने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के स्वजन की शिकायत पर अंबिकापुर थाना पुलिस ने आरोपित के विरूद्ध अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थाना में दर्ज केस के अनुसार घटना 20 जुलाई की रात करीब 8 बजे से 10 बजे के बीच की है। शिकायतकर्ता के अनुसार उनकी 15 वर्षीय नाबालिग बेटी दो साल से आरोपित तरूण जायसवाज के यहां खाना बनाने के लिये जाती थी, और घरेलू काम करने के साथ पढ़ाई भी करती थी। सोमवार 20 जुलाई को भी नाबालिग तरुण जायसवाल के यहां काम करने के लिये गई थी, जो कि गांव के उपसरपंच का पति है। काफी देर होने के बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो पिता ने उसकी बड़ी बहन को बुलाने के लिये भेजा, लेकिन वह नहीं आई। बहन घर आकर बताई कि तरूण बाबा ने कहा कि अभी खाना बना रही है। रात 10 बजे तक बच्ची के नहीं आने पर उन्होंने पुन: उसे बहन को लेकर आने कहा, तो दोनों बहनें साथ में वापस आई। घर आने के बाद खाना बनाने के लिये गई बच्ची रोने लगी। बालिका का आरोप है कि, खाना बनाने के बाद जब वह जाने लगी तो आरोपी उसे खींचकर अपने कमरे में ले गया, और मोबाइल पर गंदा वीडियो दिखाकर उसी तरह का कृत्य करने के लिए कहा। इसके बाद आरोपित ने दो बार दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी ने नाबालिग को धमकाया कि यदि उसने किसी को बताया तो जान से मार देगा। स्वजन बच्ची से पूछताछ कर ही रहे थे, तभी तरूण जायसवाल बच्ची के घर के पास आया और खाना खिलाकर नहीं आई हो, कहते हुए पुन: घर चलने के लिए कहने लगा। आवाज सुनकर लड़की का पिता बाहर निकला और बेटी के साथ गलत काम करने की बात कहते हुए काम के लिये भेजने से इन्कार कर दिया। तरूण को जब पता चला कि कुकर्म का भेद खुल गया है, तो वह वापस अपने घर चले गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीण बुधवार को पीड़ित परिवार के साथ कोतवाली थाना पहुंचे और महिला पुलिस अधिकारी ने नाबालिग से बारीकी से पूछताछ के बाद आरोपित के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।

धमकी के साथ रुपये का प्रलोभन

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना सामने आने के बाद तरुण जायसवाल ने पहले तो बालिका के स्वजन पर काफी दबाव बनाया, एयरगन दिखाकर धमकाया ताकि केस दर्ज न हो। बात नहीं बनी तो आठ लाख रुपये देने का प्रलोभन दिया। मामला ग्रामीणों के समक्ष आया, और गांव के सरपंच सहित अन्य एकजुट होकर कोतवाली थाना पहुंच गए। मामले में पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

इन धाराओं के तहत मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत पर बीएनएस 2023 की धारा 65(1), पॉक्सो एक्ट 2012 की धारा 4, धारा 6 का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक रम्भा साहू कर रही हैं। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और बयान दर्ज किया है। आरोपी तरुण जायसवाल की गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही है। पुलिस ने मामले को प्राथमिकता से लिया है।

Categorized in: