अंबिकापुर। सरगुजा संभाग के अधिकांश क्षेत्रों में लंबे इंतजार के बाद उत्तर छत्तीसगढ़ में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मंगलवार देर शाम से हो रही तेज बारिश के बाद कई नदी-नाले उफान पर हैं और रपटा-पुलियों के ऊपर से पानी बहने के कारण कई ग्रामीण मार्ग बंद हो गए हैं। लगातार बारिश से मैनपाट बादलों की चादर में लिपट गया है। ठंडक भरे मौसम और हरियाली के कारण यहां पर्यटकों की आवाजाही बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में अच्छी बारिश की संभावना है। सरगुजा जिले में अब तक औसत से 58 प्रतिशत कम बारिश हुई थी, लेकिन पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर में 102 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। लगातार बारिश से तापमान गिरा है और उमस से राहत मिली है। वहीं सूरजपुर जिले के रामानुजनगर क्षेत्र के मोहनपुर में पुल पानी में डूबने, चांदनी-बिहारपुर के रसौकी मार्ग में बरंगा नदी में बाढ़ आने से आवागमन पूरी तरह बंद होने जैसी खबरें सामने आने लगी हैं। ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरगुजा के बतौली विकासखंड में मान नदी उफान पर है। बिरिमकेला, महेशपुर, नकना, बटईकेला और सरमना गांवों का संपर्क टूट गया है। प्रशासन ने नदी-नालों को पार नहीं करने की अपील की है।

जल भराव 90 प्रतिशत होने पर घुनघुट्टा बांध का खुलेगा गेट

जल संसाधन संभाग क्रमांक 01 के कार्यपालन अभियंता ने आमजनों को सूचित करते हुए बताया है कि श्याम घुनघुट्टा जलाशय का जलग्रहण क्षेत्र भारी वर्षा के कारण पूर्ण भराव की स्थिति में कभी भी आ सकता है, जिसके कारण जलाशय के गेट किसी भी समय खोले जा सकते हंै। उन्होंने बांध के निचले क्षेत्रों में नदी क्षेत्र में नहीं जाने का आग्रह किया है। बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नदी के जल स्तर में बढ़ोतरी होगी। बाढ़ की स्थिति में नदी से सुरक्षित दूरी बनाये रखने कहा गया है। उन्होंने बताया कि अभी की स्थिति में बांध का जल भराव 81.95 प्रतिशत है, जल भराव 90 प्रतिशत होने पर जलाशय के गेट किसी भी समय खोले जा सकते है।

जिले में अब तक 223.8 मि.मी. औसत वर्षा

भू-अभिलेख शाखा के अधिकारियों ने बताया कि जिले के सभी तहसीलों में 24 घण्टे के दौरान 37.9 मि.मी. औसत वर्षा दर्ज की गई है। इस दौरान सर्वाधिक 74.0 मि.मी. वर्षा तहसील अंबिकापुर में दर्ज की गई है। इसे मिलाकर पूरे जिले में 1 जून से अब तक 223.8 मि.मी. औसत वर्षा हुई है। उन्होंने बताया कि 01 जून 2026 से 22 जुलाई 2026 तक अंबिकापुर में 297.4, दरिमा में 139.1, लुण्ड्रा में 128.3, सीतापुर में 179.6, लखनपुर में 312.5, उदयपुर में 273.5, बतौली में 185.9 एवं मैनपाट में 273.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

Categorized in: