पुलिस ने पांच आरोपितों के विरूद्ध जांच के बाद की वैधानिक कार्रवाई 

अंबिकापुर। क्रिप्टो करेंसी में शेयर खरीदकर अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा देकर नकद रकम ऐंठने के मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने 5 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनके द्वारा ऑनलाइन क्रिप्टो वायलेट ऐप में शेयर खरीदने से ज्यादा मुनाफा दिलाने का लालच देकर 10 हजार रुपये ठगी की गई थी। मामले में अन्य आरोपी फरार हंै, जिनके तलाश में पुलिस लगी है। सरगुजा पुलिस ने ज्यादा मुनाफा के लालच एवं बहकावे में आकर भ्रामक एवं गलत ऐप के माध्यम से कहीं निवेश नहीं करने का आग्रह किया है।

जानकारी के मुताबिक, दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम इन्दरपुर निवासी विद्याचरण राव ने मणीपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि गांव का त्रिपाल टोप्पो ऑनलाइन शेयर मार्केट में फायदा होने और स्वयं जुड़े होने की बात कहकर उसे झांसे में लिया। इसके बाद त्रिपाल के माध्यम से उदयपुर निवासी राजकुमार पैकरा से परिचय हुआ। राजकुमार बताया कि ऑनलाइन बिटगेट (एलजीएनएस) क्रिप्टो वायलेट ऐप है, जिसमें पैसा लगाने से अधिक रकम मिलता है। इनके बहकावे में आकर वह 19 जुलाई को होटल फिल आनन्दम में शेयर मार्केट के संबंध में ट्रेनिंग में गया। यहां कान्ता प्रसाद राजवाड़े द्वारा लैपटॉप एवं प्रोजेक्टर के माध्यम से अन्य 10-12 लोगों को क्रिप्टो वायलेट ऐप के शेयर मार्केट में पैसा बढ़ाने के बारे में बताया जा रहा था, जिसमें 12 लेवल में पहुंचने के बाद फ्री में पैसा मिलते रहने की जानकारी दी गई। इसके बाद होटल में ही राजकुमार पैकरा उससे 10 हजार रुपये नकद लिया और एक साल में एक लाख रुपये बढ़ने की बात कहा। रिपोर्ट पर थाना मणीपुर पुलिस ने धारा 318(4), 61(2), बी.एन.एस. का अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया।

बिलासपुर में भी कई बार हुआ सेमिनार

विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने कान्ता प्रसाद पिता दिलु राम राजवाड़े 27 वर्ष निवासी सिंगीटाना थाना लखनपुर, राजकुमार पैकरा पिता स्व. अमीर साय 42 वर्ष निवासी पण्डरीडांड उदयपुर, जीवन साय टोप्पो पिता दिलराम टोप्पो 36 वर्ष निवासी महादेवटिकरा नवानगर थाना दरिमा, फिरोज लकड़ा पिता राम साय लकड़ा 35 वर्ष निवासी टपरकेला थाना दरिमा, मुकेश कुमार गुप्ता पिता बिनोद कुमार गुप्ता 46 वर्ष निवासी अम्बे कॉलोनी मकान नंबर बी-7 गांधीनगर को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो इन्होंने बताया कि बिलासपुर के त्रिभुवन साहू गेम चेंजर एकेडमी बिलासपुर एवं रमाशंकर साहू के द्वारा क्रिप्टो बिटगेट वॉलेट में पैसा निवेश करने के संबंध में जानकारी दिया गया था, उनके साथ मिलकर वे बिलासपुर में भी कई बार सेमिनार किये हैं।

शेयर मार्केट में रकम निवेश का दावा

इन्होंने बताया कि क्रिप्टो करेंसी खरीदने के इच्छुक को वे अपने नीचे जोड़कर उसके मोबाइल में प्ले स्टोर के माध्यम से बिटगेट वॉलेट एप्लीकेशन डाउनलोड कर देते थे और संबंधित से नकद, फोन पे के माध्यम से 100, 200, 1000, 5000 रुपये लेने के बाद उक्त रकम के बदले में उतनी ही कीमत का क्रिप्टो करेंसी खरीदकर, न्यू वॉलेट के रिसिंविंग एड्रेस पर टोकन ट्रांसफर कर देता है। इनके द्वारा बिनाका आईडी के माध्यम से रजिस्टर, केवाईसी वेरिफाई करके क्रिप्टो करेंसी से भारतीय मुद्रा आईएनआर से क्रिप्टो करेंसी में कन्वर्ट होने और क्वाइन को होल्ड करके रखने की जानकारी दी गई, जिसे जरूरत पड़ने पर संबंधित बेच सकता है या पैसा निकाल सकता है, जिसका कोई लॉकिन पीरियड नहीं है। इनके द्वारा रकम को क्रिप्टो करेंसी बिटगेट वॉलेट, एलजीएनएस शेयर मार्केट में निवेश करना बताया गया।

होटल में कर रहे थे सेमीनार

होटल फिल आनंदम में हुये सेमीनार में अन्य निवेशक भी आये थे, जिसमें नये निवेशक विद्याचरण व भारद्वाज गोरवामी सहित अन्य 5-7 लोग शामिल थे। पुलिस ने इनके पास से बैग सहित लैपटॉप, प्रोजेक्टर, स्पीकर, मोबाइल, 3 डायरी, 1 नोट बुक, 01 टी-शर्ट सहित अन्य सामान जप्त किया है। पुलिस ने प्रकरण में धारा 317(4) बी.एन.एस. जोड़कर आरोपियों को प्रकरण में गिरफ्तार करके न्यायालय के समक्ष पेश किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, छत्तीसगढ़ के अन्य जिलों एवं देश के अन्य राज्यों में भी इसके प्रचार-प्रसार की सूचना आरोपियों से प्राप्त हुई है। ऐसे में नागरिकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

सीएसपी के नेतृत्व में कार्रवाई

कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल के नेतृत्व में थाना प्रभारी मणीपुर उप निरीक्षक सी.पी. तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक अनिल पाण्डेय व राकेश मिश्रा, आरक्षक रामशंकर यादव, अनिल परिहार, अनिल सिंह, निरंजन बड़ा सक्रिय रहे।

Categorized in: