अंबिकापुर। जिला कांग्रेस कमेटी का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में सरगुजा रेंज आईजी दीपक झा से मिला। प्रतिनिधिमंडल में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष हेमंत सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। इनके द्वारा भाजपा नेताओं से जुड़े भ्रष्टाचार, मारपीट और जमीन घोटाले जैसे गंभीर मामलों में कांग्रेस के द्वारा दिये गये ज्ञापन पर पुलिस कार्रवाई की जानकारी ली गई।

उल्लेखनीय है कि विगत माह कलाकेंद्र मैदान के आबंटन में रिश्वतखोरी से संबंधित एक मोबाइल वार्ता का ऑडियो वायरल हुआ था। मैदान के आबंटन के लिए लेनदेन की इस वार्तालाप में मौजूद स्वर अंबिकापुर महापौर और भाजपा जिलाध्यक्ष का बताया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सीतापुर में विधायक के द्वारा राजस्व अधिकारी से मारपीट, भि_ी कला में एक बेवा महिला के साथ जमीन खरीद में धोखाधड़ी के मामले में भाजपा के बड़े नेता या इनके समर्थकों का शामिल होना सामने आया है। कांग्रेस ने इन घटनाओं के सामने आने के बाद थाने से लेकर उच्च पुलिस अधिकारियों को कार्रवाई हेतु ज्ञापन सौंपा, लेकिन पुलिस का रवैया अब तक शिथिल और निराशाजनक रहा है। 6 जुलाई को कांग्रेस ने न्याय रैली निकाल सरगुजा रेंज के आईजी को कार्रवाई हेतु लिखित निवेदन, साक्ष्य के साथ दिया, 2 सप्ताह बीतने के बावजूद इन मामलों में ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिलने पर सोमवार को पुन: कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल सरगुजा रेंज के आईजी से मुलाकात कर कार्रवाई की जानकारी मांगा।

आईजी ने कहा-अब नतीजे सामने आएंगे

सीधी चर्चा में आईजी ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को हो रही कार्रवाई की जानकारी देने के साथ ही आश्वस्त किया है कि इन मामलों को लेकर अब नतीजे सामने आएंगे, उन्हें दुबारा इन मांगों के लिए नहीं आना पड़ेगा। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि कार्रवाई संतोषजनक होनी चाहिये अन्यथा कांग्रेस, भाजपा मंत्री, मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के दौरे में विरोधस्वरूप काला झंडा लेकर खड़ी मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में संजय विश्वकर्मा, विनीत विशाल जायसवाल, पापिन्दर सिंह, शुभम जायसवाल मौजूद रहे।

Categorized in: