गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने दी शुभकामनाएं

अंबिकापुर। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को नामनिर्दिष्ट पार्षदों (एल्डरमैन) का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर कलेक्टर अजीत वसंत ने नवमनोनीत एल्डरमैन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।शपथ ग्रहण करने वाले नामनिर्दिष्ट पार्षदों में करता राम गुप्ता, सावित्री जायसवाल, रमेश जायसवाल, संतोष दास, श्रीधर केसरी, राजबहादुर सिंह एवं शरद सिन्हा शामिल रहे। दो नामनिर्दिष्ट पार्षद तजिंदर बग्गा व किरण सोनी की अनुपस्थिति के कारण वे शपथ से वंचित रहे।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव ने सभी नवमनोनीत पार्षदों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नगर विकास, सुशासन एवं जनसेवा में पार्षदों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए पार्षद शहर के समग्र विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी नामनिर्दिष्ट पार्षद पूरी निष्ठा, पारदर्शिता एवं समर्पण के साथ नागरिकों की सेवा करेंगे तथा अंबिकापुर को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित शहर बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। महापौर मंजूषा भगत ने सभी एल्डरमैन को बधाई देते हुए कहा कि निगम में आप सभी के आ जाने से उनकी टीम और मजबूत हो गई है। भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि मनोनीत पार्षदों की निगम में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आप जनता की आवाज बनकर सबकी उम्मीदों पर खरे उतरें। उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम का संचालन व आभार प्रदर्शन निगम आयुक्त डीएन कश्यप ने किया।
शपथ समारोह में अनिल सिंह मेजर, ललन प्रताप सिंह के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों, एमआईसी सदस्यों, निगम पार्षदों सहित गणमान्यजनों की उपस्थिति रही।

Categorized in: