मझौली में नकाबपोश चोरों ने दिया था घटना को अंजाम, मौके से आरोपी का पाया गया था मोबाईल

बलंगी पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

बलंगी चौकी क्षेत्रान्तर्गत ग्राम मझौली में नकाबपोश चोरों द्वारा की गई लाखो रुपये की चोरी व राड से हमले के मामले को दो माह बीत गए परंतु अब पुलिस चोरों तक नहीं पहुंच सकी है। जबकि उक्त वारदात के दौरान मौके पर आरोपी का मोबाइल भी पाया गया, बावजूद इसके पुलिस की पहुंच आरोपियों तक नहीं हो सकी है। जिसको लेकर लोगो मे खासी नाराजगी है और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े हो रहे है। लोगो का कहना है कि जब आरोपी का मोबाईल मिल चुका है इसके बाद भी आरोपियो तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है। इस बात से यह अंदाजा सहजता से लगाया जा सकता है कि क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता कितनी और किस स्तर की है। बताया गया है कि बलरामपुर जिले के बलंगी चौकी क्षेत्र के ग्राम मझौली निवासी धीरेंद्र पाठक के घर पर 11 मई की देर रात नकाब पोश चोरों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर प्रवेश किया था और घर के कमरे में दीवान में रखा सोने चांदी के आभूषण जिनमे
सोने का मंगल सूत्र, मांग टीका, चैन, अंगुठी कान का झुकमा, लॉकेट तथा चांदी का पायजेब समेत नगदी पार कर दिया है। चोरी गए सामानों की कीमत लाखो में बताई गई है। चोरी की वारदात के दौरान आहट मिलने पर घर के आंगन में सोए धीरेंद्र पाठक की नींद खुल गई थी। जिन्हें जगा हुआ देख दो नकाबपोश चोर तो दीवाल से कूद कर भाग निकले थे वहीं तीसरे को भागने की कोशिश के दौरान धीरेंद्र पाठक ने पकड़ लिया था। इस दौरान दोनों के बीच झुमा झटकी हुई और आरोपी ने हाथ मे रखे लोहे के वजनदार राड से धीरेंद्र ओर हमला कर भागने में सफल हो गया। इस हमले में उनके सीने और माथे मे चोट भी आई थी। मगर इस झूमा झपटी व भागने के दौरान आरोपी का मोबाईल मौके पर गिर गया था जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया था। उक्त वारदात की रिपॉर्ट प्रार्थी द्वारा 12 मई को चौकी बलंगी में दर्ज कराई गई है जिस पर पुलिस द्वारा धारा 309 (6), 331 (4) (6).117 (1) का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त घटना को हुए दो माह का समय बीत गया है। पुलिस एक ओर नए तकनीक की मदद से चोरों व अपराधियो तक अपनी पहुंच बनाने एवं त्वरित कार्रवाई की बात करती है मगर इस मामले में आरोपी का मोबाईल मिलने के बाद भी पुलिस अब तक चोरों तक नहीं पहुंच सकी जो पुलिस के सूचना तंत्र व कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रही है। इस मामले में पुलिस के आला अधिकारियों तक से अनुनय विनय किया जा चुका है मगर लगता है वो भी अपने सिस्टम के आगे असहाय है। इस घटना में आरोपियों के नहीं पकड़े जाने से लोगो मे पुलिस के प्रति नाराजगी व असंतोष का वातावरण निर्मित हो रहा है और लोग जहाँ पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे है वहीं अपने जानमाल को लेकर काफी चिंतित नजर आ रहे है।

Categorized in: