राजेंद्र ठाकुर (राजू )ब्यूरो कार्यालय बलरामपुर 

बलरामपुर। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के प्रमुख आस्था केंद्र बाबा बच्छराज कुंवर धाम में पूजा-अर्चना कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक अर्टिगा कार शुक्रवार शाम करीब 4 बजे मानिकपुर जंगल में अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार झारखंड के गढ़वा जिले के ग्राम चिनिया निवासी श्रद्धालु अर्टिगा वाहन से बाबा बच्छराज कुंवर धाम में दर्शन एवं पूजा-अर्चना करने आए थे। दर्शन के बाद वापस लौटते समय मानिकपुर जंगल के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ा।
हादसे में जितन तुरी (55 वर्ष), निवासी ग्राम चिनिया, झारखंड की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में राजेश तुरी (38 वर्ष), संदीप तुरी (20 वर्ष), जयप्रकाश यादव (32 वर्ष), विनोद तुरी (35 वर्ष), प्रभुनाथ (65 वर्ष), अनिल तुरी (31 वर्ष) तथा सुनी तुरी, सभी निवासी ग्राम चिनिया (झारखंड), घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि वाहन मालिक जयप्रकाश यादव स्वयं कार चला रहे थे। हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आई हैं। वहीं राजेश तुरी की हालत भी गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. विजय कुमार ने एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में घायल सभी लोगों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। गंभीर घायलों की स्थिति पर चिकित्सकों की लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Categorized in: