कोरबा से बिहार जा रही स्लीपर बस में नवविवाहिता ने स्वस्थ बच्चे को दिया जन्म

अंबिकापुर। कोरबा से बिहार, पटना जा रही स्लीपर बस में यात्रा कर रही एक नवविवाहिता ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। बस में गूंजी किलकारी के बाद यात्रियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। इस दौरान बस बलरामपुर जिले में पहुंच चुकी थी। बस में सवार महिला यात्रियों ने प्रसव पीड़ा से तड़प रही नवविवाहिता का सुरक्षित प्रसव कराया। यात्रियों ने खुशी जाहिर करते हुये नवविवाहित जोड़े को बधाई देते हुये रुपये दिया। बलरामपुर पहुंचने पर जच्चा-बच्चा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद बस अन्य यात्रियों को लेकर पटना के लिए रवाना हो गई।

जानकारी के मुताबिक, राजहंस बस 6 जुलाई को यात्रियों को लेकर कोरबा से बिहार राज्य के पटना जाने के लिये रवाना हुई थी। बस अंबिकापुर से प्रतापपुर होते हुए सेमरसोत के रास्ते पर पहुंची थी तभी कोरबा से बस में पति के साथ सवार हुई एक गर्भवती नवविवाहिता को प्रसव पीड़ा होने लगी। इसकी जानकारी नवविवाहिता के पति ने बस कंडक्टर के अलावा महिला यात्रियों को दी। इसके बाद महिलाएं आगे आईं, और भारी बारिश के बीच रास्ते में बस को चालक ने रोक दिया, इसके बाद बस में सवार महिला यात्री सुनती देवी ने अन्य महिलाओं की मदद से सुरक्षित प्रसव कराया। नवविवाहिता ने बेटे को जन्म दिया, प्रसव होते ही बच्चे की किलकारी बस में गूंजी, और यात्रियों में खुशी की लहर दौड़ गई। नवविवाहित जोड़ा भी बच्चे के जन्म के बाद काफी प्रसन्न था।

इंटरनेट मीडिया पर वीडियो, फोटो वायरल

प्रसव कराने वाली महिला ने बच्चे को गोद में लेकर यात्रियों को दिखाया। इस दौरान कई लोगों ने मोबाइल में उसका वीडियो-फोटो बना लिया। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। यात्रियों में बच्चे के जन्म को लेकर इतनी खुशी थी कि कई यात्रियों ने स्वेच्छा से बच्चे पर रुपये न्यौछावर किया और दंपति को बधाई दी। युवक ने रुपये लेने से मना किया, लेकिन यात्रियों ने खुशी के अवसर पर साक्षी बनने की बात कहते हुये उसकी बातों को नजरअंदाज करके रुपये उसके हाथों में थमा दिया।

Categorized in: