पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा-ढाई साल में 5 बार बढ़ा बिजली का दाम

अंबिकापुर। बिजली बिल में बेतहाशा बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को मुख्यमंत्री का पुतला दहन के बाद, गुरूवार को शहर के जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा करते हुये पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि, भाजपा सरकार ने पांचवीं बार बिजली के दाम बढ़ाकर जनता की कमर तोड़ दी है। भाजपा सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को 30 से 50 पैसे और गैर घरेलू में 20 से 40 पैसे का झटका दिया है। किसानों को भी नहीं छोड़ा। कृषि पंप की बिजली 40 पैसे तक महंगी कर दी है।

सिंहदेव ने आगे कहा कि, भाजपा सरकार बनने के बाद से लगातार पांचवीं बार बिजली के दाम बढ़े हैं। पहले से ही बेहिसाब बिल से परेशान जनता को राहत देने के बजाय बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार एमपीपीएस के रूप में बढ़ाया था। कांग्रेस के शासन में 5 साल तक 400 यूनिट तक बिजली बिल हॉफ योजना लागू रही, जिसे भाजपा ने पहले तो पूरी तरह से बंद कर दिया, बाद में 200 यूनिट तक के लिये बिजली हाफ योजना को शुरू किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि जून माह में 45 लाख से अधिक उपभोक्ताओं का बिजली बिल औसतन तीन गुना आया है। पिछले कुछ महीनों से बिल तीन से चार गुना आ रहे हैं। बिजली विभाग उपभोक्ताओं को बिल के नाम पर लूटने में लगा है। जनता बिजली कटौती से परेशान है, सरकार 24 घंटे बिजली नहीं दे पा रही है, ऊपर से अनाप-शनाप बिल भेजा जा रहा है। अगर कोई आवाज उठाये तो एफआईआर दर्ज कराया जा रहा है। पत्रकारों से चर्चा के दौरान पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, हेमंत सिन्हा, इंद्रजीत सिंह धंजल, हेमंत तिवारी, मदन जायसवाल, दुर्गेश गुप्ता, सीमा सोनी, अनूप मेहता, मो. इस्लाम सहित अन्य उपस्थित थे।

छत्तीसगढ़ में भी वापस लें स्मार्ट मीटर

सिंहदेव ने घर-घर में लगाये गये स्मार्ट मीटर पर प्रहार करते हुये कहा कि, इसमें खपत वास्तविक से अधिक आना उपभोक्ता बता रहे हंै। बिना सहमति के अनुबंध भार बढ़ाया जा रहा है और अर्थदंड जोड़कर बिल भेजा जा रहा है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार ने स्मार्ट मीटर वापस लेने का निर्णय लिया है, इसके लिये उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया, और कहा कि छत्तीसगढ़ में भी स्मार्ट मीटर वापस लेना उपभोक्ताओं के हित में होगा। उन्होंने कहा, भाजपा से सरकार संभल नहीं रही है, वह केवल जनता पर बोझ डालने का काम करने में लगी है।

रामगढ़ का अस्तित्व बचाने जारी रहेगा संघर्ष

पूर्व उपमुख्ययमंत्री टीएस सिंहदेव ने जिले के प्रसिद्ध पुरातात्विक और धार्मिक स्थल रामगढ़ के अस्तित्व को बचाने के लिये कांग्रेस के द्वारा विभिन्न माध्यमों से प्रदर्शन जारी रहने की बात कही है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के लूट को रोकने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।  

रेत का ठेका सरकार के नियंत्रण से बाहर

कोरिया जिले में तीन लोगों की हत्या के मामले में सिंहदेव ने कहा कि, एफआईआर फिर थाने में बैठाकर समझौते की कोशिश के बाद हत्या की घटना का सामने आना स्पष्ट कर रहा है कि रेत माफिया हावी हैं। छत्तीसगढ़-झारखंड के सीमा पर भी ऐसा मामला सामने आ चुका है। सरकार को रेत का ठेका बंद करना चाहिये, क्योंकि यह उनके नियंत्रण से बाहर है।

स्मार्ट मीटर का लग रहा झटका: पाठक

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि, जिस देवतुल्य जनता ने बहुमत के साथ भाजपा को सत्ता में बैठाया, उसका प्रतिसाद सरकार ने महंगाई के रूप में दिया है। बिजली बंद रखने के बाद भी चलने वाले स्मार्ट मीटर का झटका उपभोक्ताओं को लग रहा है। अडानी के मीटर ने बिजली उपभोक्ताओं को बर्बाद कर दिया है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश की जनता ने इस मीटर को स्वीकार नहीं किया।

कार्यपालन यंत्री कार्यालय का घेराव, जमकर की नारेबाजी

विद्युत दरों में हुई वृद्धि के विरोध में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर गुरूवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने नमना स्थित विद्युत विभाग के कार्यपालन यंत्री कार्यालय का घेराव कर मुख्यमंत्री के नाम 5 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में आयोजित इस घेराव में सरगुजा जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मण्डल अध्यक्ष, मोर्चा-संगठन के सभी प्रभारी सहित बडी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। भरी बरसात में रैली निकाल कर बिजली दरों में वृद्धि वापस लो, अदानी का स्मार्ट मीटर लगाना बंद करो के नारों के साथ कांग्रेस का दल घेराव के लिये पहुंचा। इस दौरान कार्यालय परिसर का गेट बंद करके पुलिस का पहरा लगा दिया गया था, लेकिन कार्यकर्ताओं ने दमखम दिखाया और गेट को लांघने की कोशिश करते अंदर तक प्रवेश कर गये।

ठेकेदारों के चंद कर्मचारियों के भरोसे शहर

कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से विद्युत दर में वृद्धि और 12 प्रतिशत की दर से लगाये गये ईंधन प्रभार को तत्काल वापस लेने की मांग की। स्मार्ट मीटर को आमजन के साथ धोखा बतलाते हुए मीटर के त्रुटिपूर्ण गणना और अनुबंध भार के उल्लंघन का सरचार्ज लगा आर्थिक भार डालने पर नाराजगी जताई गई और स्मार्ट मीटर को स्वैच्छिक करने के साथ ही इसके तकनीकी बिंदु पर जांच की मांग की गई है। अंबिकापुर शहर में अघोषित बिजली कटौती, ठेकेदार और अधिकारियों की मिलीभगत से मेंटेंनेंस में लापरवाही के मुद्दे पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए इस मामले की जांच की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने कहा, बिजली विभाग ठेकेदारों के चंद कर्मचारियों के भरोसे शहर की बिजली व्यवस्था संभाल रहा है यह बेहद खेदजनक है। शहर के नागरिक भीषण गर्मी में बेहाल हैं। कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हॉफ योजना को पूर्ववत लागू करने की मांग की गई है।

Categorized in: