अंबिकापुर। मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में कार्रवाई करते हुये साइबर सेल एवं थाना कोतवाली पुलिस टीम ने 5 विधि से संघर्षरत बालकों सहित 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालकों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बेल्ट, पत्थर, डंडा एवं स्कूटी वाहन जप्त किया है।

जानकारी के मुताबिक, प्रार्थिया द्वारा 11 जून को थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराया गया था कि, 10 जून को रात करीब 10.30 बजे वह अपने भाई के साथ स्कूटी में गांधी चौक की ओर जा रही थी, इसी दौरान मिशन अस्पताल के पास अतुल ताम्रकार उनका रास्ता रोक लिये और गलत नियत से छेड़छाड़ करने लगे। जब भाई ने रोक-टोक किया तो अतुल ताम्रकार अपने साथी रोहित केडिया एवं अन्य के साथ मिलकर पीड़िता के भाई से गाली गलौज कर हाथ-मुक्का, बांस के डंडा, पत्थर एवं बेल्ट से मारपीट किये। मामले में थाना कोतवाली में धारा 296, 351(3), 115(2), 191(2), 126(2), 74, 75(2), 78 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आने के बाद आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में साइबर सेल एवं थाना कोतवाली पुलिस टीम ने घटना में शामिल विधि से संघर्षरत बालक सहित 07 आरोपियों को हिरासत में लिया और पूछताछ की तो 5 विधि से संघर्षरत बालकों के अलावा अन्य आरोपियों अतुल ताम्रकार पिता बिरजू ताम्रकार 21 वर्ष व रोहित केडिया पिता बसंत केडिया 22 वर्ष, दोनों निवासी केदारपुर अंबिकापुर ने अपराध करना स्वीकार किया। विधि से संघर्षरत बालकों को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया, शेष 02 बालिग आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकान्त सिन्हा, महिला प्रधान आरक्षक राधा यादव, प्रधान आरक्षक छत्रपाल सिंह, आरक्षक अमित विश्वकर्मा, नितिन सिन्हा, दीपक दास, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा, आरक्षक अनुज जायसवाल, अशोक यादव, अमन केरकेट्टा सक्रिय रहे।  

Categorized in: