पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा

अंबिकापुर। विवादित भूमि में फसल बोआई को लेकर बनी खूनी संघर्ष की स्थिति के बीच आरोपियों ने एक ग्रामीण की ट्रैक्टर चढ़ाकर जान ले ली। पुलिस ने आठ आरोपियों के विरूद्ध हत्या, मारपीट, बलवा सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज करते हुये इन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम सिलमा चिटकाही में स्थित भूमि पर कब्जा को लेकर भुनेश्वर पैंकरा से विवाद चल रहा है। उक्त भूमि पूर्व में धनेश्वरी की बड़ी सास कामेश्वरी के नाम से राजस्व अभिलेख में दर्ज था, तभी से वे इस जमीन पर काबिज होकर खेती करते आ रहे हैं। भूमि स्वामिनी ने मृत्यु के पहले वसीयत के आधार पर, तहसील न्यायालय बतौली के आदेश पर उक्त जमीन को राजस्व अभिलेख में धनेश्वरी के नाम पर दर्ज करा दिया था, किंतु भुनेश्वर के आवेदन पर एसडीएम न्यायालय सीतापुर में प्रकरण चलने के बाद उक्त भूमि भुनेश्वर के नाम राजस्व रिकार्ड में दर्ज है। पूर्व से विवादित भूमि पर काबिज होने के कारण धनेश्वरी के पति होश राम इस भूमि पर 13 जून को ैक्टर से जोताई करके धान बोये थे, और 14 जून को भुनेश्वर पैकरा, बजरंग, मनोज, रघुनंदन, बोधन, उमेश, कमली, प्यारी ट्रैक्टर लेकर विवादित भूमि में पहुंचे और बोये हुये धान की ट्रैक्टर से जोताई करने लगे। इसकी जानकारी मिलने पर दिन में करीब 11.30 बजे धनेश्वरी अपने पति होंश राम, पुत्र हेमन्त पैंकरा और महेन्द्र पैंकरा के साथ मौके पर पहुंची और धान बोने से मना की, तभी भुनेश्वर सहित सभी जान से मारने की धमकी देकर गाली-गलौज करते हुये, जान से मारने की धमकी देने लगे। इनके द्वारा धान बोकर रहेंगे, और जो बीच में आयेगा उसको ट्रैक्टर से कुचलकर मार देंगे कहा गया और होश राम से सभी मारपीट करने लगे। इस पर मौके पर मौजूद होश राम की पत्नि और पुत्र हेमन्त पैंकरा, महेन्द्र पैंकरा बीच-बचाव कर रहे थे। इनके द्वारा ट्रैक्टर से सभी को कुचल कर मार देने की धमकी दी गई। इसी बीच उमेश ट्रैक्टर लेकर पहुंचा और तेज रफ्तार में हेमन्त को कुचलने का प्रयास किया, जिसे देखकर वह भागा और किसी तरह मेड़ में चढ़कर अपना जान बचाया। उसी समय खेत के मेड़ में खड़े होश राम को भुनेश्वर पैंकरा सहित अन्य नीचे खेत में धकेल दिये और ट्रैक्टर चला रहा उमेश तेजी से उसे ठोकर मार दिया, इससे बचने के लिए होश राम ट्रैक्टर के बम्फर में झूल गया, वहीं उमेश ट्रैक्टर को मेड़ में ले जाकर ठोकर मारा, जिससे बम्फर में झूल रहा होश राम अचेत होकर खेत में गिर गया। इसके बाद उमेश होश राम के ऊपर से ट्रैक्टर का चक्का चढ़ाकर कुचलते हुये निकल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। रिपोर्ट पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 103(1), 109(1), 115(2), 190, 191(1), 191(2), 191(3), 296(इ), 351(3), 54 के तहत मामला दर्ज किया है। कार्रवाई में थाना बतौली से प्रभारी निरीक्षक विवेक कुमार सेंगर, उपनिरीक्षक आभाष मिंज, आरक्षक जितेन्द्र सिंह, विकास एक्का, राजेश खलखो, राकेश एक्का, राजू कुजूर, जोगी बड़ा, साइबर सेल से प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक भोजराज पासवान, आरक्षक अशोक यादव की भूमिका महत्वपूर्ण रही।  

प्रकरण में गिरफ्तार किये गये आरोपी

भुवनेश्वर पैंकरा पिता स्व. कल्पनाथ 80 वर्ष, बजरंग लाल पिता भुवनेश्वर कंवर 60 वर्ष, रघुनंदन पैंकरा पिता भुवनेश्वर कंवर 52 वर्ष, मनोज पिता सुखदेव कंवर, 35 वर्ष, उमेश पिता बजरंग लाल पैंकरा 23 वर्ष, प्यारी पैंकरा पति सुखो पैंकरा 50 वर्ष, सभी निवासी सिलमा थाना बतौली एवं बोधन पैंकरा पिता जलधु पैंकरा 37 वर्ष, कमलेश्वरी पैंकरा पति स्व. जलधु पैकरा 60 वर्ष, दोनों निवासी कंठी, थाना दरिमा।

Categorized in: