अम्बिकापुर । बहुप्रतीक्षित अम्बिकापुर–बरवाडीह  (चिरमिरी रेल लाइन) परियोजना को भारत सरकार ने “विशेष रेल परियोजना” के रूप में आधिकारिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। भारत सरकार के राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना के अनुसार 261.838 किलोमीटर लंबी इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना को राष्ट्रीय अवसंरचना परियोजनाओं की श्रेणी में शामिल किया गया है।

वर्षों से लंबित इस परियोजना को मंजूरी मिलने से छत्तीसगढ़ और झारखंड के बीच रेल संपर्क को नई मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही क्षेत्र के लाखों लोगों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

परियोजना के पूर्ण होने के बाद व्यापार, कृषि, उद्योग और पर्यटन क्षेत्रों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। यह रेल लाइन क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति देने के साथ-साथ आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी।

इसके अलावा, यह परियोजना विकास की मुख्यधारा से अब तक अपेक्षाकृत दूर रहे क्षेत्रों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा सामाजिक और आर्थिक विकास को नई दिशा प्रदान करेगी।

इस महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक निर्णय का क्षेत्र की जनता ने स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Categorized in: