पुलिस ने कराया मृतिका के शव का पोस्टमार्टम, दरिमा पुलिस कर रही अग्रिम कार्रवाही 

अंबिकापुर। दरिमा थाना अंतर्गत ग्राम कंठी में बिना सहमति के जमीन जोताई करके धान बोने पर आपत्ति करने से क्षुब्ध रिश्ते में फुफेरा भाई ने वृद्ध बहन के साथ जमकर मारपीट की, तबियत बिगड़ने पर स्वजन उसे अस्पताल ले गये, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।  

जानकारी के मुताबिक, ग्राम भि_ीकला के माझापारा लोधिमा में रहने वाली रामपति पति रामदास धोबी 61 वर्ष, अपने माता-पिता की एकमात्र संतान थी। माता-पिता की मौत के बाद वह अपने मायका ग्राम कंठी में बीते करीब 14-15 साल से परिवार के साथ रहकर साढ़े सात एकड़ पुश्तैनी भूमि का देखभाल कर रही थी। इस जमीन पर उसके फुआ के लड़के शिवमंगल की नजर थी, और जमीन के चक्कर में दलाल भी गांव, घर में आना-जाना करने लगे थे, लेकिन रामपति अपने माता-पिता के जमीन को बच्चों के लिये सुरक्षित रखना चाहती थी। बीते 7 जून को अपरान्ह करीब 3 बजे रामपति को पता चला कि उसके जमीन में जोताई करके कोई बुवाई करवा रहा है। इसके बाद वो अपनी पुत्री कुंदिया और पुत्र अवतार के साथ खेत गई तो उसके फुआ का लड़का शिवमंगल 12-15 लोगों के साथ खेत को जोतवाकर धान बोआई करवा रहा था। रामपति इस पर आपत्ति की तो शिवमंगल सहित दर्जन भर से अधिक लोग उसके साथ मारपीट करने लगे। साथ में गये पिता-पुत्री किसी तरह अपनी मां को लेकर घर पहुंचे। अगले दिन 8 जून को मारपीट में आई चोटों के कारण वृद्धा की तबियत बिगड़ गई, स्वजन उसे दरिमा स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे। अत्यधिक स्थिति खराब देखकर 12 जून को मेडिकल कॉलेज संबद्ध जिला अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराये थे, यहां शाम करीब 4.30 बजे उसकी मौत हो गई। मृतिका के स्वजन ने शिवमंगल सहित अन्य के द्वारा की गई मारपीट के कारण मौत का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद दरिमा थाना पुलिस मामले में वैधानिक कार्रवाई करेगी।    

Categorized in: