शव लेकर गृह जिला बिलासपुर के लिए रवाना हुये स्वजन, बाइक सवार का चल रहा इलाज  

उदयपुर। थाना क्षेत्र में अंबिकापुर-बिलासपुर नेशनल हाइवे से लगे ग्राम अलकापुरी में स्थित पेट्रोल पंप के सामने बुधवार की शाम को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से शिक्षक की मौत हो गई, बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर शिक्षक के स्वजन उदयपुर स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे, और शोक का माहौल बन गया। पुलिस ने मृतक के शव को मर्च्युरी में रखवा दिया था। गुरूवार को पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन के सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस मामले में अग्रिम जांच कर रही है।

जानकारी के मुताबिक, शिक्षक प्रदीप कश्यप 58 वर्ष, सरगुजा जिले के उदयपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम केशगवां मिडिल स्कूल में पदस्थ थे, वे मूलत: बिलासपुर जिला के रहने वाले थे। बुधवार को रोजाना की भांति शाम करीब 7 से 8 बजे के बीच वे इवनिंग वॉक पर निकले थे, इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक का चालक इन्हें टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डॉयल-112 की टीम मौके से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर लेकर पहुंची यहां चिकित्सक ने शिक्षक प्रदीप कश्यप को मृत घोषित कर दिया। वहीं दुर्घटना में घायल बाइक चालक भुनेश्वर राजवाड़े, निवासी ग्राम पतरापारा उदयपुर को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज संबद्धजिला चिकित्सालय अंबिकापुर रेफर किया गया है। गुरुवार को सुबह लगभग 11 बजे मृत शिक्षक के शव का पोस्टमार्टम पुलिस ने कराया, इसके बाद शव उनके गृह ग्राम ठाकुरकांपा, थाना तखतपुर, जिला बिलासपुर के लिए रवाना कर दिया गया। थाना उदयपुर से प्रभारी शिशिरकांत सिंह, प्रधान आरक्षक संजय नागेश एवं आरक्षक हेमंत लकड़ा ने घटनास्थल का निरीक्षण करके पंचनामा, मर्ग कायमी सहित अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी की। पुलिस ने शिक्षक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है। घटना से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

कॉलोनी में पहुंचने से पहले हुआ हादसा

मृतक प्रदीप कश्यप खरफरी नाला के पास स्थित शासकीय आवासीय कॉलोनी में रहते थे और प्रतिदिन शाम को टहलने के लिए निकलते थे। बुधवार को भी वे रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि हादसे के समय वे अपने आवासीय कॉलोनी से महज 500 मीटर की दूरी पर थे, तभी यह दुर्घटना हुई।

घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल

प्रदीप कश्यप अपने सहज, सरल एवं मिलनसार व्यक्तित्व के लिए जाने जाते थे। विद्यार्थियों और सहकर्मियों के बीच उनकी अच्छी पैठ थी। इनके आकस्मिक निधन की खबर से विद्यालय परिवार सहित पूरे उदयपुर क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। इनके साथी शिक्षकों, अन्य कर्मचारियोंं, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने शिक्षक की मौत पर गहरा दु:ख व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिजनों को दु:ख की घड़ी में संबल मिले, इसकी प्रार्थना की है। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से भी बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त की है।

 

 

Categorized in: