स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर अंबिकापुर व रायपुर बेहतर इलाज के लिए गए पीड़ित

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के पर्यटन स्थल मैनपाट अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में पीलिया का प्रकोप फैलने और एक माह के अंदर 3 से 4 लोगों की मौत की खबर सामने रही है, अभी भी एक दर्जन से अधिक लोगों के पीड़ित हैं। कुछ पीड़ितों का इलाज अंबिकापुर के निजी अस्पताल में चल रहा है। कई लोग स्थानीय अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। पीलिया फैलने से प्रभावित गांवों के लोग दहशत में हंै। पीलिया फैलने के मुख्य कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जानकारी मिलने पर प्रभावित गांव में कैंप लगाकर पीड़ितों का जांच व इलाज कर रहा है।

बता दें कि, भीषण गर्मी व बेमौसम बारिश का असर लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ना शुरू हो गया है। मैनपाट के नर्मदापुर, कुनिया सहित आसपास के कई गावों में पिछले एक माह से पीलिया फैला हुआ है। शुरूआत में लोग सर्दी-खांसी, उल्टी सहित अन्य परेशानी का इलाज स्थानीय स्तर पर करा रहे थे। इसके बावजूद कुछ लोगों के स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने पर अंबिकापुर व रायपुर बेहतर इलाज के लिए गए। यहां जांच में पीलिया बीमारी की पुष्टि हुई है।

पीलिया से कुनिया के पूर्व उप सरपंच जितेंद्र यादव, नर्मदापुर निवासी भाग्यवती यादव, बैगहवा गांव की एक युवती तथा बरिमा निवासी कक्षा 9वीं के छात्र विकास यादव की मौत की बात इनके स्वजन व स्थानीय लोग कह रहे हैं। हालांकि स्वास्थ्य विभाग पीलिया से मौत होने की पुष्टि नहीं कर रहा है। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जांच के बाद भी पता चल पाएगा कि जिनकी मौत हुई है उसका मुख्य कारण क्या है। पीड़ित उदय भान यादव अंबिकापुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती हंै। इनका कहना है कि एक सप्ताह से वे पीलिया से पीड़ित हैं। इलाके में एक माह से पीलिया फैला हुआ है। इनके द्वारा मैनपाट के कुछ लोगों की मौत रायपुर में होने जैसी बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शुरूआत में लोग स्थानीय स्तर पर इलाज करा रहे थे। इसकी जानकारी स्वास्थ्य प्रशासन को एक माह बाद लगना समझ से परे है।

प्रभावित गांव में लगाए गए हैं कैम्प

स्वास्थ्य सेवाएं, सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक डॉ. अनिल कुमार शुक्ला ने मैनपाट क्षेत्र में पीलिया बीमारी फैलने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि, जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया है। प्रभावित गांवों में कैंप लगाए गए हैं। टीम द्वारा मरीजों की जांच, उपचार तथा बीमारी के कारणों की पड़ताल की जा रही है। इनका कहना है कि, प्रभावित क्षेत्र में पानी की भी जांच कराई जा रही है। लोगों को साफ-सफाई रखने, पानी उबाल कर पीने, गर्म भोजन करने की सलाह दी जा रही है।

Categorized in: