महोरा गांव में विवाद का लोकेशन मिलने पर पहुंची थी पुलिस

अंबिकापुर। लड़ाई-झगड़ा की सूचना पर पहुंची डॉयल 112 की टीम को बंधक बनाने और आरक्षक के सिर पर रॉड से हमला करने का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने मामले में दो नामजद सहित अन्य आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, थाना लुण्ड्रा में आरक्षक के पद पर पदस्थ आरक्षक रामसाय नागेश वर्तमान में डॉयल 112 में तैनात है। तीन जून को डॉयल 112 में लड़ाई झगड़ा होने के संबंध में रात्रि करीब 10.09 बजे सूचना मिलने पर वह आरक्षक बहाल राम और चालक डेविड कुजूर के साथ प्राप्त पता व लोकेशन के आधार पर ग्राम महोरा आम बगीचा के पास पहुंचा, यहां 4-5 व्यक्ति आपस में विवाद और लड़ाई झगड़ा कर रहे थे, और शराब पिये हुये थे, जो डॉयल 112 वाहन को देखकर भाग गये। कुछ दुरी पर दो और व्यक्ति खड़े थे, इन्हें समझाइस देकर वे वापस थाना आ रहे थे, इसी दौरान कई लोग डण्डा, रॉड लेकर पहुंच गये, इनमें एक व्यक्ति दिलबर, आकाश नाम के थे, जो गाली-गलौज करने लगे। पुलिस ने जब इन्हें समझाया कि लड़ाई-झगड़ा की सूचना पर वे आये थे, और गालीगलौज, मारपीट करने पर आपत्ति की, तो दिलबर और आकाश सहित अन्य व्यक्ति उन्हें घेरकर काफी देर तक बंधक बनाकर रखे थे। काफी समझाने पर भी वे नहीं माने और अचानक दिलबर और आकाश रॉड से आरक्षक 315 बहाल राम के ऊपर हमला कर दिये, जिससे उसे सिर और दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई है। मौके पर ही खून निकलने से वह बेहोश हो गया था, और इनके अन्य साथी इन्हें यहां से जाने नहीं देना है कहने लगे। चालक डेविड और रामसाय नागेश इस दौरान बीच-बचाव किए और मारपीट में घायल आरक्षक को गाड़ी में बैठाकर लुण्ड्रा अस्पताल ले गये। मारपीट में आई चोटों को देखते हुए चिकित्सक ने इन्हें भर्ती कर लिया। आरक्षक रामसाय नागेश की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध बीएनएस की धारा 121(1), 127, 132, 296, 3(5) का मामला दर्ज कर लिया है।

Categorized in: