मामला प्रेम प्रसंग का या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के उदयपुर थाना अंतर्गत ग्राम सरगवां में युवक-युवती ने पेड़ में फांसी लगाकर इहलीला समाप्त कर ली। गांव के लोगों ने गुरूवार की सुबह फांसी पर लटकते दोनों के शव को देखा और युवक की पहचान होने पर स्वजन को इसकी जानकारी दी थी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची उदयपुर थाना पुलिस ने दोनों के शव को फांसी के फंदे से उतरवाया और मौका पंचनामा के बाद न्यायिक अधिकारी को सूचना देकर शव का पोस्टमार्टम कराया है। घटना से इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक किशन दास पिता सूबे दास 23 वर्ष, ग्राम सरगवां के बेलपतरापारा का रहने वाला है, वहीं मृतिका अंजली दास पिता बुधु दास 20 वर्ष, सूरजपुर जिला के प्रेमनगर थाना अंतर्गत ग्राम रघुनाथपुर, जूनापारा की रहने वाली थी, जो रिश्ते में किशन के बहन की ननद है। मृतक किशन दास रात 10 बजे तक गांव, घर में ही था, इसके बाद घर से निकला और वापस नहीं लौटा। 3 जून को सुबह करीब 7 बजे गांव के ही आशीष दास ने सूबे दास के घर में आकर बताया कि किशन दास आंगनबाड़ी से कुछ फासले में पेड़ पर फांसी लगा लिया है। इसकी सूचना मिलने पर जब वे मौके पर गए तो किशन और अंजली काले रंग की चुनरी के सहारे बबूल के पेड़ में फांसी पर झूल रहे थे और दोनों की मौत हो गई थी। इसकी सूचना तत्काल उदयपुर थाने में दी गई, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव पंचनामा की कार्रवाई की। पुलिस ने दोनों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि स्वजन से की गई प्रारंभिक पूछताछ में दोनों के एक साथ फांसी लगाकर झूलने का कारण फिलहाल अस्पष्ट है। पुलिस मामले में मर्ग कायम करके अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

 

Categorized in: