नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के हौजरानी इलाके में स्थित Florist Inn होटल में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दमकल विभाग और बचाव दल ने होटल से 37 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। आग इतनी भयावह थी कि पांच मंजिला होटल पूरी तरह जलकर खाक हो गया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह करीब 9:45 बजे मालवीय नगर क्षेत्र में स्थित होटल के बेसमेंट रेस्टोरेंट में आग लगने की सूचना मिली। आग तेजी से पूरे भवन में फैल गई और घना धुआं भर जाने से कई लोग अंदर फंस गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार होटल में लगभग 25 कमरे थे और घटना के समय 50 से अधिक लोग ठहरे हुए थे। इनमें बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक भी शामिल थे, जो इलाज के सिलसिले में दिल्ली आए हुए थे। आग लगने के समय अधिकांश लोग सो रहे थे, जिससे उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। बताया जा रहा है कि मृतकों में कई अस्पतालों में भर्ती मरीजों के परिजन और अटेंडेंट शामिल हैं।

रेस्टोरेंट के शेफ ने बताई भयावह घटना

होटल के बेसमेंट स्थित रेस्टोरेंट में कार्यरत शेफ केसर सिंह ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे वह काम शुरू करने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने इलेक्ट्रिक चूल्हा चालू करने की कोशिश की, अचानक आग भड़क उठी। उन्होंने बताया कि कुछ ही क्षणों में उन्हें एहसास हो गया कि आग पहले से ही भवन के भीतर फैल चुकी है।

केसर सिंह के अनुसार, उन्होंने तुरंत अपने सहायक को होटल में आग लगने की सूचना दी और बाहर निकलने का प्रयास किया। जब वह बाहर पहुंचे तो देखा कि पूरा होटल आग और धुएं की चपेट में था। उन्होंने किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन आशंका जताई कि हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई है। दमकल विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। मृतकों की पहचान और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आग के बेसमेंट रेस्टोरेंट से शुरू होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

 

Categorized in: