कलेक्टर ने वायरल वीडियो को लिया था संज्ञान में, तीन दिवस के भीतर मांगा जवाब

अंबिकापुर। कलेक्टर अजीत वसंत ने जिले के मैनपाट विकासखण्ड के कदनई से लोटा भावना मार्ग पर निर्माणाधीन सडक़ की खराब गुणवत्ता और तकनीकी मापदंडों की अनदेखी करने पर संबंधित सहायक अभियंता और उप अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें मैनपाट विकासखण्ड में बन रही सडक़ को एक स्थानीय महिला अपने हाथों से उखाड़ती नजर आ रही थी। इस वीडियो के संज्ञान में आते ही कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लिया। प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि सडक़ निर्माण में विभागीय मानकों का पालन नहीं किया गया है, जो सीधे तौर पर पदीय दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही और स्वेच्छाचारिता को दर्शाता है। कलेक्टर ने संबंधित विभाग के मुख्य कार्यपालक अभियंता को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग करने एवं निर्माण कार्य की गुणवत्तापूर्ण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी

कलेक्टर द्वारा छत्तीसगढ़ ग्रामीण सडक़ विकास अभिकरण, परियोजना क्रियान्वयन इकाई-01, अंबिकापुर के श्री चाल्र्स रोशन एक्का, सहायक अभियंता एवं कार्तिक केरकेट्टा, उप अभियंता को नोटिस जारी करके तीन दिवस के भीतर जवाब तलब किया है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि अधिकारियों का यह कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के नियम 3 का स्पष्ट उल्लंघन है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी पत्र प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। समय-सीमा में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होने की स्थिति में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के प्रावधानों के तहत उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्रस्ताव उच्च कार्यालय को प्रेषित किया जाएगा।

Categorized in: