पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपित को गिरफ्तार करके जेल भेजा

अंबिकापुर। फेसबुक पर जान-पहचान के बाद प्रेम संबंध, फिर विवाह का वादा करके युवती का दैहिक शोषण करने के मामले में दर्ज रिपोर्ट के बाद 24 घंटे के अंतराल में बतौली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। आरोपी 3 वर्ष से अधिक लगातार युवती के संपर्क में रहा और दैहिक शोषण करते आ रहा था।

जानकारी के मुताबिक, पीडि़ता का वर्ष 2022 में विक्रम सिंह से सोशल मीडिया में फेसबुक के माध्यम से परिचय हुआ था, बाद में दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गया। 05 अक्टूबर 2022 को विक्रम पीडि़ता के घर में आया और विवाह करके पत्नी बनाकर रखने का आश्वासन देकर उसे अपने घर ले गया, और पीडि़ता के मना करने के बाद भी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाया। मई 2025 में पीडि़ता गर्भवती हो गई, इसके बाद आरोपी विक्रम सिंह ने दवा देकर उसका गर्भपात करा दिया। वर्ष 2022 से 2025 तक आरोपी कई बार शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया, और वर्ष 2026 में बात करना बंद करते हुए शादी करने से इंकार कर दिया। रिपोर्ट पर 06 मई को थाना बतौली में धारा 64(2)(एम), 69, 88 बी.एन.एस का मामला पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया, और आरोपी विक्रम सिंह पिता पन्ना सिंह 22 वर्ष निवासी ग्राम गहिला गौटियापारा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करके डॉक्टरी मुलाहिजा उपरांत न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी बतौली निरीक्षक विवेक सेंगर, सहायक उप निरीक्षक संजय गुप्ता, आरक्षक राजेश खलखो, राकेश एक्का, महिला आरक्षक मेविश खाखा की सक्रिय भूमिका रही।

Categorized in: