बैंक से मजदूरी भुगतान और निर्माण सामग्री खरीदने के लिए निकाले थे रुपये

सीसीटीव्ही में कैद हुए संदिग्धों के तलाश में जुटी पुलिस

अंबिकापुर। सरगुजा जिले के बतौली में बदमाशों ने एक व्यवसायी के दुकान के गल्ला से पौने दो लाख रुपये पार कर दिया। घटना को दो युवकों ने अंजाम दिया, जो सीसीटीव्ही में कैद हो गए हैं। व्यवसायी के घर में निर्माण कार्य चल रहा है, उन्होंने मजदूरी और निर्माण सामग्री के भुगतान के लिए नकद रकम बैंक से निकाला था। दिन-दहाड़े हुई इस चोरी ने क्षेत्र के व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल पैदा कर दिया है। बतौली थाना पुलिस के अलावा साइबर थाना अंबिकापुर की पुलिस मामले में अग्रिम पड़ताल करते हुए आरोपियों के तलाश में लगी है। इलाके में नाकाबंदी करके संदिग्धों को तलाशा जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बतौली बाजार रोड में संकट मोचन गुप्ता का पतंजलि स्टोर्स नामक प्रतिष्ठान है। बुधवार को वे अपने निजी काम से स्टेट बैंक ऑफ इंडिया गए थे। यहां से उन्होंने मजदूरी भुगतान और घर के निर्माण कार्य के लिए 1 लाख 70 हजार रुपये निकाला, और दुकान में आ गए। इस बीच संभवत: आरोपी व्यवसायी के गतिविधि की रेकी कर रहे थे। जैसे ही वे रकम लेकर अपनी दुकान में पहुंचे, बाइक सवार दो युवक उनका पीछा करते हुए वहां धमक पड़े। वारदात को अंजाम देने के लिए बदमाशों ने बेहद शातिराना तरीका अपनाया। व्यवसायी के दुकान में घुसते ही एक युवक ने पतंजलि तेल की मांग की। जैसे ही संकट मोचन गुप्ता तेल निकालने के लिए अपनी कुर्सी से उठकर पीछे रैक की तरफ मुड़े, दूसरे युवक ने उन्हें अपनी बातों में उलझाए रखा, और मौके का फायदा उठाते हुए युवक ने फूर्ति दिखाई और काउंटर के अंदर हाथ डालकर रुपये का बंडल निकाल लिया। दुकानदार सामान लेकर वापस मुड़ते, तब तक पैसा निकालने वाला आरोपी दुकान की दहलीज पार कर चुका था।

सीसीटीव्ही कैमरे में कैद हुई आरोपियों की करतूत

घटना दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एक युवक काउंटर के पास खड़ा होकर निगरानी कर रहा था और दूसरा हाथ सफाई में लगा था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक पलक झपकते ही अपनी बाइक में सवार होकर मुख्य मार्ग की ओर फरार हो गए। बदमाशों में एक चेहरे पर नकाब पहन रखा था, पुलिस आरोपी के हुलिया और बाइक के नंबर के आधार पर सुराग जुटाने की कोशिश कर रही है।

पुलिस ने बैंक का भी सीसीटीव्ही फुटेज खंगाला

घटना की सूचना मिलते ही बतौली थाना प्रभारी विवेक सेंगर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुकान के सीसीटीव्ही फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है और आसपास के रास्तों में लगे कैमरों की भी जांच की जा रही है। थाना प्रभारी का मानना है कि आरोपियों ने बैंक के अंदर से ही दुकानदार को टारगेट किया होगा। बैंक में उठाईगिरी का मौका नहीं मिलने पर वे उनका दुकान तक पीछा करते पहुंच गए। पुलिस बैंक के अंदर लगे उच्च क्षमता वाले कैमरों की जांच करके संदिग्धों की पहचान सुनिश्चित करने में लगी है।

Categorized in: